ग्वालियर में अनियंत्रित कार पोल से टकराकर पलटी, 20 फीट तक घिसटी

ग्वालियर. शुक्रवार रात एक कार की रफ्तार कहर बन गई। कार अनियंत्रित होकर सड़क पर लहराई और डिवाइडर पर 20 फीट तक घिसटने के बाद एक पोल से टकराकर पलट गई। पोल से टकराते हुए कार की स्पीड़ 100 किलोमीटर प्रतिघंटे के आसपास रही होगी, क्योंकि पोल से टकराते ही कार के सभी एयरबैग खुल गए। कार में सवार लोगों की जान बच गई। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र स्थित मोती तबेला के पास गुरूद्वारा पुल की है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को सिर्फ कार पलटी मिली। हादसे में कितने लोग घायल हैं। कार में कितने लोग सवार थे यह पता नहीं चल सका है। पुलिस को आशंका है कि यह हादसे के समय चालक नशे में था।
रफ्तार पर नियंत्रण हटते ही हुआ हादसा
शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात पुलिस जब गश्त पर निकली थी तो पता लगा कि मोती तबेला गुरुद्वार पुल रोड पर एक बड़ा एक्सीडेंट हुआ है। पुलिस स्पॉट पर पहुंची तो कुछ लोगों से वहां बातचीत हुई। जिस पर राहगीरों ने बताया कि कार नंबर MP07 CA-9717 स्टेशन की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। कार अभी स्वर्ण रेखा पुल के ऊपर थी कि अचानक चालक का नियंत्रण गाड़ी की स्पीड से हटा और पहले कार डिवाइडर पर चढ़ गई और बीस फीट घिसटती गई। इसके बाद बिजली के पोल से टकराकर पलट गई। कार में कुछ युवक सवार थे जो कार के एयरबैग खुलने से बच गए। हादसे के बाद वहां से निकल रहे अन्य वाहन चालक मदद में जुटे और कार सवारों को बाहर निकाला। घायल युवक अपना वाहन छोड़कर उपचार के लिए रवाना हो गए है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *