ग्वालियर दक्षिण से कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक, डबरा से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे सहित 5 नामांकन दाखिल

ग्वालियर नाम-निर्देशन पत्र दाखिल करने के चौथे दिन यानि 26 अक्टूबर को ग्वालियर जिले के विभिन्न विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 5 उम्मीदवारों द्वारा अपनी नामजदगी के पर्चे दाखिल किए गए। अभी तक जिले के सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल मिलाकर 11 उम्मीदवारों द्वारा नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विधानसभा निर्वाचन कार्यक्रम के तहत अब नामजदगी के लिये केवल दो दिन शेष बचे हैं। उम्मीदवार 27 और 30 अक्टूबर को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को नामांकन प्रस्तुत कर सकेंगे।
गुरूवार 26 अक्टूबर को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 14 ग्वालियर ग्रामीण से काछीपुरा मुरार निवासी जीवन कुशवाह ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन प्रस्तुत किया। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-15 ग्वालियर से शिवविहार कॉलोनी श्मशान रोड़ ग्वालियर महेश कोली ने स्वतंत्र जनता राज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अपनी नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-16 ग्वालियर पूर्व में 26 अक्टूबर को कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।
नामांकन के चौथे दिन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-17 ग्वालियर दक्षिण से उमा कॉलोनी लक्ष्मीगंज लश्कर निवासी प्रवीण पाठक ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-18 भितरवार से माता मंदिर के पास दुर्गेश कॉलोनी डबरा जिला ग्वालियर निवासी विजय कुमार कुशवाह ने निर्दलीय अभ्यर्थी के रूप में नामांकन भरा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-19 डबरा (अजा) में 26 अक्टूबर को बाथम वाली गली वार्ड नं.-16 रामगढ़ डबरा निवासी सुरेश राजे ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन के लिये जारी किए गए कार्यक्रम के तहत 30 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। सार्वजनिक अवकाश होने की वजह से 28 व 29 अक्टूबर को नामांकन का सिलसिला बंद रहेगा। अभ्यर्थी अथवा उनके प्रस्तावक अब 27 व 30 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी को नामांकन प्रस्तुत कर सकेगें। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिये कलेक्ट्रेट में विधानसभा क्षेत्रवार अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए गए हैं। नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (जाँच) 31 अक्टूबर को होगी और 2 नवम्बर 2023 तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इन सभी दिवसों में प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक यह कार्यवाही संपादित होगी। मतदान 17 नवम्बर 2023 को होगा।
