BJP में 22 सीटों पर विरोध, 6 पर बगावत, रुस्तम सिंह ने छोड़ी पार्टी,BSP में गए
भोपाल. मध्यप्रदेश में बीजेपी उम्मीदवारों की 5वीं लिस्ट जारी होने के बाद 22 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का विरोध हो रहा है। इनके अलावा 6 सीटों पर बगावत खुलकर सामने आई है। कार्यकर्ता नारेबाजी और पुतला दहन कर अपनी नाराजगी जता रहे हैं। पार्टी छोड़ने का सिलसिला भी जारी है।
सोमवार को पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह ने बीजेपी छोड़कर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) जॉइन कर ली है। वे अपने बेटे राकेश सिंह के लिए मुरैना से टिकट मांग रहे थे लेकिन पार्टी ने यहां से रघुराज कंषाना को मौका दिया है। कंषाना 2018 के चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने थे। इसके बाद उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ BJP जॉइन कर ली थी। उपचुनाव में कांग्रेस के राकेश मावई से हार का सामना करना पड़ा था। रुस्तम सिंह के बेटे राकेश सिंह मुरैना से बसपा प्रत्याशी हैं।
इससे पहले रविवार को ग्वालियर में बीजेपी कार्यकर्ता केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की कार के सामने लेट गए। बुरहानपुर में दिवंगत सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के बेटे हर्षवर्धन सिंह ने शक्ति प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री रंजना बघेल ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय ने मेरा टिकट कटवाया है। पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा ने अपने मामा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविता ‘रार नहीं ठानूंगा, हार नहीं मानूंगा’ पोस्ट कर गुस्सा जाहिर किया। भोपाल में पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता के समर्थकों ने प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को घेरा। देर शाम मंडल स्तर के 17 पदाधिकारियों ने सबनानी के विरोध में इस्तीफा दिया।
