पुलिस स्‍मृति दिवस की फुलड्रेस एवं फायनल रिहर्सल हुईं

भोपाल, पुलिस स्‍मृति दिवस परेड की फुलड्रेस एवं फायनल रिहर्सल गुरूवार की सुबह यहाँ लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्‍मारक प्रांगण में की गई। हर साल की तरह पुलिस स्‍मृति दिवस 21 अक्‍टूबर को प्रात: काल 8 बजे लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्‍मारक प्रांगण में आयोजित होगा।
अतिरिक्‍त पु‍लिस महानिदेशक एसएएफ फरीद शापू ने फुलड्रेस रिहर्सल परेड का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस स्‍मृति दिवस की अन्‍य व्‍यवस्‍थाओं का जायजा भी लिया। गुरूवार को पुलिस स्मृति दिवस के लिए हुई फुलड्रेस रिहर्सल के दौरान मुख्‍य अतिथि की भूमिका प्रधान आरक्षक रामचंद्र कुशवाह ने निभाई। फायनल अभ्‍यास परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी शियाज केएम ने किया। परेड के टू-आई-सी राज्‍य पुलिस सेवा के सहायक सेनानी नवीन तिवारी हैं। परेड में जिला बल की महिला प्‍लाटून, विशेष सशस्‍त्र बल की पुरूष प्‍लाटून, जिला पुलिस बल की पुरूष प्‍लाटून, होमगार्ड प्‍लाटून, पाल बेयरर, कलर पार्टी, पुलिस बैंड प्‍लाटून, अश्‍वरोही दल और श्वान दल की टुकड़ियाँ शामिल हैं।
फुलड्रेस रिहर्सल के समय पुलिस कमिश्‍नर हरिनारायण चारी मिश्र, उप पुलिस कमिश्‍नर अनुराग शर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक नवनीत भसीन, अमित सिंह, कमांडेंट 7वीं वाहिनी एवं अन्‍य वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान पुलिस बैंड द्वारा निकाली जा रही देशभक्ति के गीतों की मधुर धुन के बीच शहीदों को पुष्‍पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। आरंभ में पाल-बेयरर पार्टी द्वारा सम्‍मान सूची को स्‍मारक कोष में स्‍थापित किया गया और शहीद स्‍मारक को सलामी दी गई।
लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में 16 हजार फीट की ऊँचाई पर 21 अक्टूबर 1959 को सीआरपीएफ के जवानों की टुकड़ी, सब इन्सपेक्टर करम सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रही थी तभी चीनी सेना के साथ मुठभेड़ में 10 जवान शहीद हो गये थे। उन्‍हीं की स्मृति में यह दिवस देश की समस्त पुलिस इकाईयों द्वारा मनाया जाता है। इस वर्ष मध्‍यप्रदेश पुलिस के 17 जवानों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है। शहीद कर्मियों में कार्यवाहक निरीक्षक स्‍व. राजाराम वास्‍कले, उप निरीक्षक स्‍व. भूपेन्‍द्र सिंह गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक स्‍व. कन्‍हैयालाल भालसे, सहायक उप निरीक्षक स्‍व. जसवंत कुमार तेकाम, कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक स्‍व. रामजस शर्मा, कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक स्‍व. कन्‍हैयालाल वास्‍कले, प्रधान आरक्षक स्‍व. छोटेलाल बघेल, प्रधान आरक्षक स्‍व. चंपालाल सिलाले, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक स्‍व. भानु प्रताप भदौरिया, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक स्‍व. राधेश्‍याम सिरसाठे, आरक्षक स्‍व. सुरेन्‍द्र सिंह गौंड, आरक्षक स्‍व. उपेन्‍द्र सिंह दांगी, आरक्षक (ट्रेड) स्‍व. पंकज मिश्रा, आरक्षक स्‍व. रामप्रसाद, आरक्षक स्‍व. जगदीश हाडा, आरक्षक स्‍व. गजानन अटवाड़े, आरक्षक स्‍व. खुमान भिलाला एवं आरक्षक स्‍व. रविकान्‍त सविता शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *