अगले माह से जौरा तक बढाया जा सकता है मेमू ट्रेन का संचालन

ग्वालियर. ग्वालियर-श्योपुर ब्राडगेज ट्रैक परियोजना के अंतर्गत वर्तमान में सुमावली तक चल रही मेमू ट्रेन को अगले माह से जौरा तक के लिए बढाया जा सकता है। रेलवे के इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट ने जौरा तक ट्रैक तैयार कर दिया है। अब आगामी 26 अक्टूबर को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) मनोज अरोरा इस ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। उनकी हरी झंडी मिलते ही अगले माह से ट्रेन जौरा तक जाएगी, जबकि कैलारस तक ट्रेन दौडाने के लिए दिसंबर माह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
26 अक्टूबर को रूट का निरीक्षण करेंगे सीआरएस
सीआरएस 25 अक्टूबर को मुंबई से पठानकोट एक्सप्रेस से रात 10 बजे ग्वालियर आएंगे। इसके बाद 26 अक्टूबर को वह सुमावली से जौरा के रूट का निरीक्षण करेंगे। इसी दिन शाम 7 बजे श्रीधाम एक्सप्रेस से इटारसी के लिए रवाना हो जाएंगे। सीआरएस के निरीक्षण को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। इस रूट पर चरणबद्ध तरीके से ट्रैक का काम किया जा रहा है।
सुमावली तक ट्रैक तैयार मेमू ट्रेन का संचालन
पहले चरण में रायरू से सुमावली तक ट्रैक तैयार करने के बाद मेमू ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन दिन में तीन फेरे ग्वालियर से सुमावली के बीच लगा रही है। दूसरे चरण में सुमावली से कैलारस तक ट्रैक तैयार किया जाना है जिसमें जौरा तक काम पूरा हो चुका है। सीआरएस की हरी झंडी मिलते ही मेमू ट्रेन को जौरा तक बढाया जाएगा। रेलवे बोर्ड द्वारा ब्राडगेज ट्रैक पर ट्रेन को टुकडों में अलग स्टेशन तक चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *