ग्वालियर में बनेगा स्वदेश दर्शन कारिडोर

ग्वालियर. केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत सिर्फ फूलबाग नहीं, बल्कि जयविलास पैलेस तक एक टूरिज्म कारिडोर तैयार किया जाएगा, इसमें फूलबाग के आसपास गांधी प्राणी उद्यान, गोपाल मंदिर, बैजाताल, जलविहार, बारादरी, निगम संग्रहालय के अलावा अब जयविलास पैलेस को भी शामिल किया जाएगा। फूलबाग से लेकर जयविलास पैलेस तक पर्यटकों के लिए कई नए आकर्षण तैयार किए जाएंगे। इन पर्यटन स्थलों को नए सिरे से संवारा जाएगा। गोपाल मंदिर और बारादरी का फसाड किया जाएगा। इसके अलावा इस कारिडोर को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए इलेक्ट्रिक विंटेज कार चलाई जाएंगी। यहां वाहनों के लिए डेडिकेटेड पार्किंग भी तैयार की जाएगी, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट में यह आकर्षण शामिल करने के निर्देश दिए हैं। स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत पूर्व में ग्वालियर किला, रमौआ डेम सहित अन्य स्थानों का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन व्यवहारिक दिक्कतें होने के कारण केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने इनका चयन नहीं किया। स्मार्ट सिटी सीईओ नीतू माथुर ने बताया कि मंत्रालय ने रिव्यू करने के बाद फूलबाग एरिया का चयन किया है। 70 करोड़ रुपए की राशि से इस इलाके को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा, ताकि सैलानी 10 से 12 घंटे तक यहां घूमकर आनंद ले सकें।
13 आकर्षणों के कारण किया गया है स्वदेश दर्शन योजना
इस क्षेत्र का चयन इसलिए किया गया, क्योंकि इस इलाके में कुल 13 आकर्षण हैं। इनमें जयविलास पैलेस, इटालियन गार्डन-जलविहार, जू, गोपाल मंदिर, गांधी और आंबेडकर पार्क, बारादरी, एक्वेरियम, रानी लक्ष्मीबाई समाधि, निगम संग्रहालय, संभागीय ग्रामीण हाट बाजार, मोतीमहल, रीजनल आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर और बैजाताल शामिल हैं। ये हर स्पाट टूरिज्म के लिहाज से रिच है और पर्यटक यहां पहुंचते हैं, लेकिन समस्या यह है कि यहां फुटफाल बिखरा हुआ है। टूरिस्टम एंगेजमेंट कम होने के साथ ही मोबिलिटी की समस्या है। इस इलाके का प्रचार-प्रसार भी नहीं है। अब इन्हीं को सुधारने के लिए काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *