चुनाव में 70 फीसदी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई

भोपाल. सरकारी तंत्र में अमले की कमी के चलते इस बार भी विधानसभा चुनाव में शिक्षकों की ड्यूटी ज्यादा लगाने की तैयारी है। चुनाव के मद्देनजर जिला निर्वाचन विभाग 10400 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दे रहा है। इनमें 70 फीसदी संख्या शिक्षकों की है। चूंकि इस साल नवंबर के दूसरे सप्ताह में अद्र्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होना है, ऐसे में शिक्षकों के लिए निर्वाचन कार्य एवं परीक्षा के बीच तालमेल बैठाना मुश्किल होगा।
कई विभाग से सिर्फ दो से तीन कर्मचारी की ड्यूटी लगाई
कई विभाग ऐसे हैं जिनमें 95 फीसदी कर्मचारियों की चुनाव कार्य में ड्यूटी लगा दी गई है। बताया गया कि चुनाव प्रक्रिया कराने मंगलवार से कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी शुरू हो चुका है। इस बार तीन हजार के लगभग महिला कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला निर्वाचन विभाग द्वारा जहां कुछ विभागों के सभी कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी लगा दी गई है। कई विभाग से सिर्फ दो से तीन कर्मचारी की ड्यूटी लगाई है। इनमें वे विभाग शामिल हैं जहां पहले से कर्मचारियों की संख्या कम हुई। अन्य विभाग जिनमें कर्मचारी बड़ी संख्या में पदस्थ हैं वहां आधे से अधिक स्टॉफ को चुनाव कार्य में लगाया है। बताया गया नगरपालिका में 90 फीसदी स्टॉफ चुनाव कार्य में संलग्न किया है। इसी प्रकार कृषि विभाग में भी 95 प्रतिशत कर्मचारियों को चुनाव कार्य में लगाया गया है। अन्य विभागों में भी कर्मचारियों सभी कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव कार्य में लगा दी गई है।
ड्यूटी निरस्त कराने लगा रहे आवेदन
विधानसभा चुनाव संपन्न कराए जाने के लिए दस हजार से अधिक कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, लेकिन चुनावी ड्यूटी से बचने के लिए सरकारी कर्मचारी अभी से बीमार होने का प्रमाण-पत्र लेकर ड्यूटी निरस्त कराने का आवेदन लगा रहे हैं। जबकि उक्त कर्मचारी ड्यूटी पर रोजाना अपने विभागों में जा रहे हैं। बताया गया कि चुनाव के पहले ही ड्यूटी निरस्त करने को लेकर अभी तक 500 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें मेडिकल बोर्ड से प्रमाणित होने के बाद ही कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी निरस्त की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *