उद्घाटन के दौरान भाजपा नेता आपस में भिड़े
खाचरौद. भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान भाजपा के नेता आपस में भिड़ गए। मंगलवार को प्रात: 11 बजे केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन पुराना पुलिस थाना चौक पर किया गया।
ये नेता थे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी सहित उज्जैन संभाग के चुनाव प्रभारी गुजरात के विधायक जीतू वाघनी, सांसद अनिल फिरोजिया, भाजपा जिला ग्रामीण मंडल अध्यक्ष बहादुर सिंह बोरमुंडला, भाजपा के नगर एवं ग्रामीण मंडल अध्यक्ष, पार्षद गण सहित वरिष्ठ नेता की मौजूदगी में यह हंगामा हुआ।
भाषण के बीच टोकाटोकी
कार्यालय उद्घाटन के दौरान पूर्व विधायक दिलीपसिंह शेखावत जब उद्बोधन दे रहे थे, उस दौरान जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष बलबहादुर सिंह द्वारा चलते भाषण के बीच टिप्पणी करने पर शेखावत ने बीच में उन्हें टोका। इस पर बलबहादुर सिंह क्रोधित हो गए।
आक्रोश में आए समर्थक
इस दौरान शेखावत समर्थक भी आक्रोश में आ गए और बलबहादुर के सामने पहुंचने लगे। मामला बिगड़ता देख मंच पर बैठे भाजपा प्रत्याशी चौहान सहित वरिष्ठ नेताओं ने बीच बचाव कर मामला शांत किया और दोनों पक्षों को समझाइश के बाद कार्यक्रम निरंतर जारी रहा।
बाधित रहा यातायात
इस दौरान बलबहादुर सिंह सभा से रवाना हो गए। इधर कार्यालय उद्घाटन द्वारा चिन्हित स्थान पर जो अनुमति ली गई थी उसका भी उल्लंघन दिखा। आयोजन में लगा पंडाल सड़क के ऊपर होने के कारण लगभग पांच घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा।
