ग्वालियर में मतदान दलों के प्रशिक्षण में गैर हाजिर रहे 9 शासकीय सेवक निलंबित

ग्वालियर. विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के लिये मतदान दलों की रवानगी, मतगणना और स्ट्रांग रूम महारानी लक्ष्मीबाई महाविद्यालय में बनाया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने रविवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान कॉलेज में पहुंचकर स्ट्रॉग रूम का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अधिकारियों के साथ स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिये की जा रही तैयारियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान डीआईजी चंबल कृष्णावेणी देशावतु, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल, सीईओ जिला पंचायत विवेक कुमार, एडीएम अंजू अरूण कुमार, एडीएम टीएन सिंह सहित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
गैर हाजिर रहे 9 शासकीय सेवक निलंबित
निर्वाचन के लिए पिछले महीने आयोजित मतदान दलों के प्रशिक्षण में गैर हाजिर रहे 9 शासकीय सेवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार ने इनको निलंबित कर दिया है। अपर कलेक्टर अंजू अरूण कुमार ने बताया कि मतदान दलों के प्रशिक्षण से गैर हाजिर रहे इन सभी शासकीय सेवकों को विधिवत सुनवाई का मौका दिया गया और कारण बताओं नोटिस जारी किया गया। कारण बताओं नोटिस का जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर 9 शासकीय सेवकों को खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। जिन शासकीय सेवकों को निलंबित किया गया है उनमें शाउमावि रेंहट की प्राथमिक शिक्षक वर्षा शर्मा, शाउमावि पनिहार की सहायक अध्यापक मीना शर्मा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग संभाग क्र-1 कार्यालय में पदस्थ चौकीदार देवीदयाल, नगर परिषद बिलौआ के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सचिन खरे, उप संचालक पशुपालन विभाग की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ज्योति शर्मा, उप संचालक पशुपालन विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महेन्द्र सिंह व विशाल डागोर, संयुक्त संचालक किसान कल्याण व दीपक कुमार गर्ग और अनुविभागीय अधिकारी लाईट मशीनरी के हेल्पर रघुराज सिंह शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *