ग्वालियर में सरपंच के हत्यारों की लोकेशन राजस्थान
ग्वालियर. कांग्रेस समर्थित सरपंच विक्रम सिंह रावत की दिनदहाडे कांतिनगर कॉलोनी में 11 गोलियां मारकर हत्या करने वाले पुलिस की पकड से बाहर है। हालांकि इनमें से दो शूटर पुष्पेंद्र और बंटी रावत की सीसीटीवी से पहचान हो गई है। राजस्थान में दोनों की मौजूदगी का पता चला है। एसएसपी राजेश चंदेल ने विक्रम की हत्या में नामजद ईपीएफ कमिश्नर मुकेश रावत सहित सभी 6 आरोपियों पर 5 हजार का इनाम घोषित किया है। इधर बन्हेरी गांव में अब भी दहशत का माहौल है। यहां से 100 से अधिक पुलिस जवान तैनात है। विक्रम रावत के परिजन ने हत्या में पुष्पेन्द्र रावत, अत्येन्द्र, बंटी और मुकेश सहित दो अज्ञात लोगों के नाम बताए थे। मंगलवार को पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम का फुटेज कई बार खंगाला। इसमें एक जगह दो हत्यारों पुष्पेन्द्र और बंटी का चेहरा साफ दिखा है।
चंबल क्रास कर राजस्थान में दुबके
हत्यारोपियों के भागने का रूट ट्रैक करने पर पता चला है कि विक्रम की जान लेने के बाद दोनों हत्यारोपी पहले मुरैना गए वहां से चंबल नदी क्रॉस कर राजस्थान में घुस गए। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम वहां दोनों की तलाश में लगी है लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए है।
राजनेता के संपर्क में आरोपी
कांग्रेस समर्थित सरंपच विक्रम सिंह रावत की हत्या में पुलिस शूटर्स की तलाश में है। उधर हत्यारोपी हाजिर होने की फिराक में है। बन्हेरी गांव में खबर है कि हत्यारे एक राजनेता के संपर्क में है उसके जरिए सरेंडर कर सकते हैं।
