पवित्र भदावना धाम पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा – भारत सिंह 

भदावना में किया 5 करोड़ 43 लाख से अधिक लागत के  विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण 
ग्वालियर मुरार क्षेत्र में स्थित पवित्र भदावना धाम जल्द ही पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बनेगा। साथ ही इस पवित्र स्थल के दर्शन के लिये आने वाले श्रृद्धालुओं को भी अच्छी सुविधायें मिलेंगीं। यह बात उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कही। उन्होंने कहा सरकार भदावना धाम, संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट, काशीबाबा मंदिर, देवगढ़ व रतनगढ़ माता मंदिर को जोड़कर टूरिस्ट सर्किट बनाने जा रही है, जिससे इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
भदावना को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने से संबंधित विकास कार्यों सहित 5 करोड़ 43 लाख से अधिक लागत के विकास कार्यों का मंगलवार को भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। जिनमें पर्यटन विभाग द्वारा भदावना के विकास कार्यों के लिये मंजूर लगभग एक करोड़ 45 लाख रूपए एवं उटीला से गोसपुरा तक सवा तीन किलोमीटर लम्बी डामरीकृत सड़क के लिये 2 करोड़ 79 लाख रूपए की धनराशि सहित कुल 4 करोड़ 30 लाख रूपए लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इसके अलावा उन्होंने लगभग 94 लाख रूपए की लागत से बनकर तैयार हुई उटीला से भदावना तक पक्की सड़क सहित ग्राम गुर्री में कराए गए लगभग 114 लाख रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
भदावना धाम में आयोजित हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुरार ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी-बड़ी सड़कों का जाल बिछाया है। साथ ही इस क्षेत्र के प्रमुख स्थानों को टूरिस्ट सर्किट से जोड़ने की दिशा में कारगर पहल की है। उन्होंने कहा ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र प्रदेश का ऐसा इकलौता क्षेत्र है जहाँ पर युवा विद्यार्थियों को नि:शुल्क कम्प्यूटर शिक्षा व प्रमाण-पत्र दिलाए हैं। इसी तरह सरकार ने अपने खर्चे पर बुजुर्गों के दाँतों का इलाज कराकर बत्तीसी लगवाने का काम भी किया है। उन्होंने कहा मुरार क्षेत्र के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जायेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त लोकमाता अहिल्याबाई बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र पाल, जनपद पंचायत मुरार के अध्यक्ष दिलराज सिंह किरार एवं कुँवर सिंह जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में भदावना के आसपास स्थित गाँव के आम नागरिक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *