किसान ने एसडीएम कार्यालय के सामने किया आत्महत्या का प्रयास, पेड़ पर लगाई फांसी

ग्वालियर. डबरा के एक किसान ने एसडीएम कार्यालय के सामने आत्महत्या का प्रयास किया। किसान मंगलवार को जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुंचा था। समस्या का समाधान न होने पर वह आक्रोशित हो गया और एसडीएम कार्यालय के सामने लगे पीपल के पेड़ पर फांसी लगाने का प्रयास किया। किसान को देखकर आसपास के लोग और तहसील के कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने उसे पेड़ से उतारा और इसके बाद प्रशासन ने किसान को पुलिस थाने भेजा। यहां किसान का रो-रो कर बुरा हाल है।
क्या है पूरा मामला
पिछोर के बाबूपुर क्षेत्र निवासी कैलाश परिहार (59) की गांव में 15 बीघा के लगभग जमीन है। जिस पर वह खेती करता है। पिछले कई समय से जमीन पर रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। किसान का कहना है कि वह लगातार जनसुनवाई में भी आवेदन देता है, लेकिन उसकी आज तक कोई भी सुनवाई नहीं हुई। दबंग लोग रास्ते पर कब्जा किए हुए हैं।
मंगलवार को भी किसान कैलाश जनसुनवाई में आवेदन लेकर पहुंचा था। जब उसकी बात नहीं मानी, तो वह एसडीएम ऑफिस के ठीक सामने लगे पीपल के पेड़ पर जाकर अपनी गमछे से फांसी लगाने का प्रयास करने लगा। आसपास के लोगों ने देखा और तहसील के कर्मचारी दौड़े तो किसान को पेड़ से उतारा गया। बाद में एसडीएम ने उन्हें थाने भेज दिया।
समाधान नहीं होने पर करूंगा आत्महत्या
किसान का कहना है कि मेरी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो मैं आगे भी इस तरीके का प्रयास करूंगा। इस दौरान किसान रोता हुआ दिखा। वहीं जब इस संबंध में एसडीएम से बात की तो एसडीएम प्रखर सिंह का कहना है कि किसान को निजी भूमि में से रास्ता चाहिए। उसका मामला हाई कोर्ट में भी चल रहा है। पूर्व में भी नायब तहसीलदार को भेजा था, लेकिन हम किसी की निजी भूमि में से रास्ता नहीं दे सकते। किसान ने यह माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। इसलिए उसे थाने भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *