दूध खरीदी के दाम घटाए, फिर भी उपभोक्ता खरीद रहे महंगा

भोपाल. मध्य प्रदेश के इंदौर जिला सहकारी दुग्ध संघ (सांची) पर दुग्ध उत्पादकों के विरोध की नीतियां बनाने का आरोप लगा है। इस संबंध में संयुक्त किसान मोर्चा ने प्रदेश सरकार को भी कटघरे में खड़ा किया है। आरोप है कि सरकार हमेशा ही खुद को किसान हितैषी होने का दावा करती है, बावजूद इसके परिणाम अकसर किसानों के विपरीत सामने आते हैं। दरअसल, मामला ये है कि हालही में इंदौर दुग्ध संघ ने किसानों से दूध खरीदी के भाव 30 पैसे प्रति फैट के हिसाब से कम कर दिए हैं। ऐसे में जिला दुग्ध संघ को दूध आपूर्ति करने वाले पशुपालकों को प्रतिलीटर के हिसाब से दो रुपए दाम कम दिए जाएंगे, बावजूद इसके दुग्ध संघ की ओर से जिले के उपभोक्ताओं के लिए सांची दूध के दामों में कोई कमी नहीं की गई है। अब इस मामले में सहकारी संस्था पर महंगा दूध बेचते हुए अधिक मुनाफा बटोरने के आरोप लग रहे हैं।

पशु आहार महंगा और घटा दिए दूध खरीदी के दाम, लोगों को भी राहत नहीं
इस संबंध में संयुक्त किसान मोर्चा के रामस्वरूप मंत्री और बबलू जाधव का कहना है कि, पशुओं के आहार के लिए मिलने वाले सामान में किसी तरह की कमी नहीं की गई है। यानी पशुपालक पहले की तरह अब भी उतना ही महंगा सामान खरीदकर पशुओं को आहार दे रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ दुग्ध संघ की ओरसे दूध खरीदी के दाम प्रति लीटर के हिसाब से 2 रुपए कम कर दिए गए हैं। ये सीधे तौर पर किसान विरोधी फैसला है। उन्होंने बताया कि पशुओं को खिलाने वाली सारी चीजें महंगी है, वहीं फसलों के दाम भी नहीं मिल रहे हैं।

दुग्ध संघ से आदेश वापस लेने की मांग
संयुक्त किसान मोर्चा का आरोप है कि, लगातार किसान हितैषी होने का दावा करने वाली सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। दुग्ध संघ द्वारा दूध के खरीदी भाव घटाए जाने से किसानों में नाराजगी है। संयुक्त किसान मोर्चा की मांग है कि इंदौर दुग्ध संघ दूध के भाव घटाए जाने का आदेश तत्काल वापस लें, वरना मजबूरन किसानों और पशुपालकों को आंदोलन करके अपनी बात समझाना पड़ेगी।

शहर में सस्ता
इस बीच शहर में दूध विक्रेताओं ने दूध के दामों में दो रुपए प्रति लीटर कम करने की घोषणा की है। इससे एक ओर खुला दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं के लिए दूध सस्ता होने की उम्मीद है। हालांकि सरकारी संस्था सांची से दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं को अब भी महंगा दूध ही खरीदना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *