इमरती बोली ने अध्यक्ष बनाने का झांसा देकर 45 लाख रुपए हड़पे-जिला पंचायत सदस्य नेहा
ग्वालियर. सबसे हॉट सीट डबरा विधानसभा एक बार फिर चर्चा में है। इस बार भी सिंधिया समर्थक इमरती देवी ही मुख्य किरदार में नजर आ रही है। असल में विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से डबरा में दावेदारी को लेकर पूर्व मंत्री इमरती देवी सुमन, जिला पंचायत सदस्य नेहा मुकेश परिहार में ठन गई है। एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। इमरती देवी ने जहां नेता की दूसरी शादी और संपत्ति पर सवाल खड़े किए हैं तो नेहा ने ग्वालियर पुलिस कप्तान को शिकायत कर इमरती देवी और उनके दामाद महेन्द्र प्रताप उर्फ बिट्टू पर धमकाने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के समय अध्यक्ष बनाने का सपना दिखाकर 45 लाख रुपए लेकर हड़पने का आरोप भी लगाया है। हालांकि इन आरोपों पर इमरती का साफ कहना है कि उन पर लगाए आरोप झूठे हैं। नेहा ने सरेआम यह भी आरोप लगाए हैं कि इमरती घास काटने से करोड़पति कैसे बन गईं इसकी शिकायत भी EOW में करेंगी। दोनों ही भाजपा की नेता हैं और विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए दावेदारी करती थीं। नेहा और उनके पति मुकेश कभी इमरती खेमे के सबसे खास चेहरे हुआ करते थे।
नेहा ने कई गंभीर आरोप लगाए
ग्वालियर की डबरा विधानसभा सीट पर भाजपा से पूर्व मंत्री व मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष इमरती देवी की दावेदारी तो शुरू से ही है, पर हाल ही में एक और नाम जिला पंचायत में डबरा के वार्ड-7 से सदस्य चुनी गईं नेहा मुकेश परिहार का है। नेहा क्षेत्र मंे सक्रिय हैं और खुलकर टिकट के लिए दावेदारी कर रही हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि पार्टी यदि मुझको टिकट देती है तो मैं बिल्कुल चुनाव लडूंगी। इसी को लेकर दोनों नेताओं में पिछले कुछ दिन से आपसी खींचतान चल रही है तो शनिवार को सड़क पर आ गई। शनिवार दोपहर नेहा मुकेश परिहार (जिला पंचायत सदस्य डबरा) ग्वालियर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल के ऑफिस पहुंची और इमरती देवी के खिलाफ लिखित शिकायतकी है। जिसमें कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
झूठे मामले में फंसाने की धमकी की बात कही
एसएसपी ग्वालियर को दी गई लिखित शिकायत में नेहा ने लिखा है कि मेरी विधानसभा की दावेदारी से घबराकर पूर्व मंत्री इमरती देवी और उनके दामाद महेन्द्र प्रताप उर्फ बिट्टू ने मेरे पति को जान से मारने की धमकी दी है। इमरती देवी ने 13 सितंबर 2023 की रात 9.30 बजे कॉल कर कहा है कि तुम विधानसभा की तैयारी मत करो, नहीं तो तुम और तुम्हारे पति को फर्जी केस लगवाकर जिलाबदर करवा दूंगी। जिस कारण हम काफी डरे हुए हैं। क्योंकि इमरती देवी कभी भी मेरे पति पर हमला करवा सकती है। अगर मेरे परिवार पर किसी भी तरीके का हमला होता है तो उसकी जिम्मेदार पूर्व मंत्री इमरती देवी होगी।
अध्यक्ष बनाने 45 लाख रुपए लेकर हड़पे
ग्वालियर एसएसपी ऑफिस में दैनिक भास्कर से बात करते हुए जिला पंचायत सदस्य नेहा मुकेश परिहार ने इमरती पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। नेहा ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतने के बाद जब मैं इमरती देवी से आशीर्वाद लेने पहुंची तो उन्होंने मुझे जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने के लिए 45 लाख रुपए की मांग की। मैंने अपनी मां की प्रॉपर्टी बेचकर यह 45 लाख रुपए इमरती देवी को दिए थे। पर ना मुझे अध्यक्ष बनाया न ही रुपए लौटाए। इसके बाद भी वह मेरे चरित्र पर उंगली उठा रही हैं। इमरती देवी बताएं कि घास काटने वाली पर इतना पैसा कहां से आया। करोड़ों की कोठी, मकान कहां से आए।
इमरती बोलीं धमकी दी थी तो सबूत सामने रखें
जवाब में पूर्व मंत्री इमरती देवी का कहना है कि सारे आरोप बेबुनियाद हैं। विधानसभा चुनाव में मेरी छवि धूमिल करने के लिए विरोधी इस तरीके के आरोप मुझ पर लगा रहे हैं। अगर मैंने इन्हें धमकी दी है तो इसका सबूत वह सबके सामने रखें। जिला पंचायत के चुनाव में पैसों के लेनदेन की बात है इमरती ने कहा कि 45 लाख रुपए आप मुझको देने का आरोप लगा रहे हैं, तो यह लोग बताएं कि इन पर 45 लाख रुपए आए कहां से और मुझे रुपए दिए हैं तो उसके सबूत पेश करें।
कभी इमरती के खास हुआ करता था मुकेश
जिस जिला पंचायत सदस्य नेहा पर इमरती आरोप लगा रही हैं और नेहा, इमरती पर आरोप लगा रही हैं। कभी यह एक दूसरे के काफी खास हुआ करते थे। नेहा का पति मुकेश परिहार, पूर्व मंत्री इमरती का सबसे करीबी था। इमरती के लिए दिन रात एक कर दिया था। पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के बाद इनमें अचानक ठन गई है। नेहा मुकेश पर डबरा के ही एक दबंग नेता ने हाथ रख दिया है। उसके बाद से नेहा चुनाव के लिए अपनी दावेदारी करने लगीं और यह डबरा राजनीतिक अखाड़ा बन गया।
