जमीन का काला कारोबार- माफिया की पोकलेन, बुलडोजर ने पत्थर के लिए काट डाले पहाड़

मिलीभगत-पानी की टंकी बनाने का हवाला चल रहा खनन, नगर निगम अधिकारी निर्माण से मुकरें
जिम्मेदारों की नाक के नीचे खनन
टंकी की आड़ में काट डाला पहाड़… बदनापुरा और रेशमपुरा बस्ती से सटे पहाड़ का काला खेल बेखौफ ही प्लानिंग से चल रहा है। पानी सप्लाई के लिए टंकी बनी है, उसकी आड़ में पत्थर माफिया पहाड़ को तीन तरफ से खोद रहे हैं। बस्ती वालों का कहना है कि पहाड़ से पत्थर खनन के लिए 2019 तक लीज दी गई थी, अब खत्म हो चुकी है। लेकिन पहाड़ की कटाई दिन-रात चल रही है। इसकी शिकायत खनिज विभाग, प्रशासन और पुलिस से भी की जा चुकी है।
निगम के अधिकारी टंकी के निर्माण से झाड़ रहे पल्ला
ग्वालियर, पत्थर, मुरम और भूमाफिया का सिंडिकेट अब शहर से सटे पहाड़ों को छलनी कर रहा है। शहर की प्राकृतिक और पर्यावरण की सुरक्षा को ठेंगा दिखाकर कारोबार बेखौफ चल रहा है। इस धंधे को ऑपरेटर्स (काम करने का तरीका) समझते हैं। इस क्षेत्र में भूमाफिया की पोकलेन और जेसीबी मशीन दिन के उजाले में पहाड़ों को चीर रही हैं।
चल रहा गोरखधंधा
बदनापुरा और रेशमपुरा बस्ती से सटा सफेद पत्थर का पहाड़ तो पेयजल योजना के तहत टंकी बनाने का हवाला देकर काटा जा रहा है। जबकि हैरानी की बात है कि नगर निगम के अधिकारी ही टंकी के निर्माण से पल्ला झाड़ रहे हैं। जबकि काटे गए पहाड़ के रास्ते पर टंकी का बेस बनाया गया है। पश्चिमी क्षेत्र में स्थिति को देखा तो अवैध उत्खनन से कॉलोनी में चल रहा गोरखधंधा सामने आया। बदनापुरा और रेशमपुरा बस्ती से सटे पहाड़ आधे से ज्यादा काटा जा चुका है। उधर, इसी तरफ पर गुर्जर रोड से सटे इलाके पहाड़ को भी काटा जा रहा है।
तरीका-ए-वारदात
सबसे पहले माफिया जमीन घेरने के लिए टपरे बनाकर छोड़ते हैं। इन्हें हटाने की कार्रवाई नहीं होती, तब गरीब और मजबूर तबके के लोगों को इनमें बसाया जाता है। उसके बाद आईपीएल की जगह प्लॉट या मकान बनाकर उसे बेचा जा रहा है। यहां रहने वालों का कहना है कि देखते-देखते गुर्जर रोड से सटी पहाड़ी भी करीब 200 फीट से ज्यादा काट दी गई है।
ऐसे चल रहा था उत्खनन
निगम ने बदनापुरा से सिटी सड़क से करीब 50 फीट की दूरी पर लगभग 15 दिन पहले पानी की टंकी के लिए बेस बनाया है। इस आड़ में पत्थर माफिया के मजदूर निर्माणाधीन टंकी से करीब 400 फीट दूर स्थित पहाड़ को काट रहे हैं। अवैध पत्थर को निकालने के लिए जेसीबी और दो ट्रैक्टर खड़े थे। यहां रहने वालों का कहना था कि पानी की टंकी के लिए पहाड़ खोदने की दलील तो सिर्फ दिखावा है। जहां टंकी बननी है, उस जगह को पहाड़ पहले ही माफिया काट चुके हैं। वह हिस्सा तो मैदान बन चुका है। अब पहाड़ की जो खुदाई चल रही है, वह निर्माणाधीन टंकी से बहुत दूर है। इसलिए टंकी के लिए पहाड़ की खुदाई की बात करना बेमानी है। रोज लगभग सैकड़ों ट्रॉली में उत्खनन सामग्री का उठाव जारी है।
पुलिस भेजी थी, निगम ने टंकी निर्माण बताया
बदनापुरा और रेशमपुरा से सटे पहाड़ पर अवैध उत्खनन की शिकायत पर पुलिस टीम गई थी। तब नगर निगम के अधिकारियों ने टंकी का निर्माण होना बताया था। उनसे उत्खनन की परमिशन मांगी थी। उस वक्त निर्माण कर रही एजेंसी इजाजत नहीं बता पाई थी।
संतोष यादव, पुरानी छावनी थाना प्रभारी
नगर निगम नहीं बना रहा टंकी
नगर निगम कोई भी निर्माण कार्य नहीं करा रहा है और न ही मुझे इस संबंध में कोई जानकारी है।
रामसेवक शाक्य, कार्यपालन यंत्री, पीएचई
कॉलोनी के लिए काटी पहाड़ी।
पहाड़ हटाने के दूसरे खेल में गुर्जर घाटी पर चल रहा है। यहां माफिया जमीन के पहाड़ को काटकर बस्ती बना रहा है।
पहाड़ की कटाई दिन-रात जारी है।
