MP में गरीबों के लिए लागू होगी मुख्यमंत्री जन आवास योजना

भोपाल. प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में आवासहीनों के लिए सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री जन आवास योजना लागू करेगी। इसमें भूखंड देने के अलावा हाइराइज बिल्डिंग बनाकर आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए वे गरीब व्यक्ति पात्र होंगे, जिनके नाम प्रधानमंत्री आवास योजना में नहीं जुड़ पाए हैं। यह जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कलेक्टर-कमिश्नर, आइजी-एसपी कांफ्रेंस में दी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों का समय है, कानून-व्यवस्था चाकचौबंद रखें। सावधानी में कोई कमी न आए।

हम जल्द ही योजना लागू करने वाले हैं
मुख्यमंत्री आवास स्थित कार्यालय से मुख्यमंत्री ने वर्चुअली अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि जितने भी गरीब प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित हैं, उनके लिए हम जल्द ही योजना लागू करने वाले हैं। जिनमें ऐसे व्यक्तियों की सूची बनेगी। आप सभी ध्यान दें कि सूची बनाने में कोई अनैतिक कार्य न शुरू हो जाए। इस बार ग्वालियर से दस सितंबर को लाड़ली बहनों के खातों में पैसे डालूंगा। कानून-व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शांति समिति की बैठक कर आवश्यक निर्णय लें। शांति सुरक्षा का माहौल बनाएं। सावधानी में कोई कमी न आए। उन्होंने पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना को निर्देश दिए कि आप भी समीक्षा करते रहें, ताकि त्योहार के समय कानून व्यवस्था बेहतर रहे।

चुनाव की व्यवस्था के कारण कोई दिक्कत न हो
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव की व्यवस्था के कारण योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई परेशानी न आए। योजनाएं संचालित होती रहें। हितग्राही मूलक योजनाओं के भुगतान समय पर होते रहें। जल जीवन मिशन के कामों की समीक्षा भी कर लें और कहीं कोई कमी न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *