मुरैना से भोपाल भेजा गया एनालॉग पनीर ट्रेन से उतरते ही रेलवे स्टेशन के बाहर जब्त

भोपाल. मुरैना से भोपाल भेजा गया 7 क्विंटल एनालॉग पनीर स्टेशन के बाहर जब्त किया गया है। यह ट्रेन के जरिये मुरैना से यहां लाया गया था। क्षाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मंगलवार की रात 2 बजे यह कार्यवाही की है। 700 किलो से ज्यादा एनालॉग पनीर की कीमत 2.5 लाख रूपये आंकी गयी है। विभागीय अधिकारियों ने बिल्टी और बिल के आधार पर प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की है। बुधवार की सुबह तक कार्यवाही जारी है। मध्यप्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद यह पहली कार्यवाही की गयी है।
खाद्य विभाग की टीम जांच कर रही है
अधिकारियों की टीम यह पता लगा रही है कि पनीर की सप्लाई कहां होने वाली थी। किस होटल, रेस्टारेंट या डेयरी यह पनीर जाने वाला था। इसके बाद संबंधित के विरूद्ध भी कड़ी कार्यवाही की जायेगी। लगभग 3 माह पहले सरकार ने पूरे एमपी में भी एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया था। आपको बता दें कि एनालॉग पनीर को असली दूध से बने पनीर के विकल्प के तौर पर तैयार किया जाता है। इसमें दूध की जगह या दूध के साथ वनस्पति बसा, स्टॉर्च और अन्य सामग्री का उपयोग किया जाता है। इसकी कम कीमत की वजह बाजार में इसकी खपत तेजी से बढ़ी है।
