MP में अमित शाह बोले 150 सीटों के साथ फिर भाजपा सरकार बनेगी

मंडला. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मंडला में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यहां जनसभा में उन्होंने मप्र में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने की बात कही। उन्होंने कहा- आपके आशीर्वाद के साथ ये जन आशीर्वाद यात्रा शुरू कर रहे हैं। ऐसी पांच यात्रा प्रदेश की 210 विधानसभा में घूमकर भोपाल जाएंगी। आज दावे से कहने आया हूं। बंटाढार जी, दिग्विजय जी, कमलनाथ जी, करप्शन नाथ जी आप सुन लो, जब यात्रा खत्म होगी, तब 150 सीटों के साथ मप्र में भाजपा सरकार बनाएगी।

मप्र को बीमारू राज्य बनाकर मिस्टर बंटाढार छोड़कर गए
अमित शाह ने आदिवासी जननायकों और नर्मदा को प्रणाम किया। बोले- मेरे हृदय के करीब रहने वाले आदिवासी भाई-बहनों को नमस्कार। मां नर्मदा को प्रणाम। जिस प्रदेश से मैं आता हूं, वहां नर्मदा न पहुंचे तो हम गुजरात वाले कैसे जी सकते, इसकी कल्पना भी नहीं कर सकते। गोंड राज्य की देवी रानी दुर्गावती को भी प्रणाम। रघुनाथ शाह और शंकर शाह को भी प्रणाम। कहा- इनका बलिदान पूरे देश के लिए प्रेरणा का श्रोत है। गृहमंत्री ने कहा- मंडला को पूर्ण फंक्शनल साक्षर जिला घोषित किया गया है। मप्र को बीमारू राज्य बनाकर मिस्टर बंटाढार छोड़कर गए थे। भ्रष्टाचार, लूट-खसोट, बिना बिजली गरीबों का घर, बिना सिंचाई की खेती छोड़कर गए थे। भाजपा के मुख्यमंत्रियों ने इसे बेमिसाल बनाकर आगे बढ़ाने का काम किया। मप्र ने पेसा कानून को जमीन पर उतारने का काम किया है। मैं आया था आदिवासी सम्मेलन में शिवराज ने धड़ाधड़ घोषणाएं कर दीं। मैंने पूछा ये पूरी हुई या नहीं तो उन्होंने बताया सभी पूरी कर दी।

अल्पसंख्यक तुष्टीकरण में सरकार डूबी रही
कमलनाथ और बंटाढार की केंद्र में सरकार थी। मनमोहन सिंह पीएम थे, उन्होंने कहा- देश की तिजोरी पर सबसे पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है। सबने विरोध किया, मगर वो नहीं माने। अल्पसंख्यक तुष्टीकरण में सरकार डूबी रही। अंतत: 2014 में मोदीजी की सरकार आई। मोदीजी ने सांसदों को भाषण दिया और कहा- मेरी सरकार आदिवासी, पिछड़ों, दलित और गरीबों की सरकार है। आपको चयन करना है दो विचारधाराओं के बीच। एक ओर कांग्रेसियों के लिए देश के खजाने पर अल्पसंख्यकों का अधिकार हैं और मोदीजी कहते हैं गरीबों का अधिकार है। 2014 में मोदी जी बोले। मैं 2023 में आपके सामने आया हूं। इन 9 सालों में मोदीजी ने ढेर सारे बदलाव किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *