पूर्ण बहुमत से शिवराज की सरकार बनेगी-ज्योतिरादित्य सिंधिया
ग्वालियर. मंगलवार की दोपहर 3 दिवसीय प्रवास पर आये केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस वन अधिकार रैली पर चुटकी लेते हुए कहा है कि कमलनाथ और कांग्रेस मतलब मोहब्बत की दुकान में केवल नफरत का सामान है। यहां उन्होंने कांग्रेस द्वारा अतिथि शिक्षकों के साथ वादाखिलाफी का मुद्दा उठाते हुए कहा है कि हमारे सीएम ने अतिथि शिक्षकों का मानदेय डबल कर दिया है।
वर्षो से उनकी मांगें लंबित थी और वह लड़ रहे थे। उन्होंने शिवराज का आभार भी माना है और साथ ही कहा है कि हमारे 3 भगवान है जीवन दाता (डॉक्टर) शिक्षा का दाता (शिक्षक) अन्नदाता (किसान) तीनों को सीएम शिवराज सिंह ने ऊर्जा दी है। ग्वालियर पहुंचे सिंधिया ने प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा किया है।
जन आशीर्वाद यात्रा पर क्या बोले सिंधिया
ग्वालियर आए केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत श्योपुर से हो रही है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पांच यात्राएं चल रही हैं। पहली यात्रा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दूसरी यात्रा को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के द्वारा हरी झंडी दिखाई जा चुकी है। अब तीसरी और चौथी यात्रा को अमित शाह द्वारा आज हरी झंडी दिखाई जा रही है। पांचवीं और आखिरी यात्रा की शुरुआत केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के द्वारा की जाएगी।
सिंधिया ने उमा भारती को बताया मार्गदर्शक
उमा भारती द्वारा जताई गई नाराजगी पर पूछे गए सवाल पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में वरिष्ठ और कनिष्ठ नौजवान सभी एक परिवार है जो एक ही माला के मोती हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और हर व्यक्ति चाहे वह बुजुर्ग हो या नौजवान हो इस यात्रा में अपना योगदान दें, यही हमारी कामना है। जहां तक उमा भारती का सवाल है तो वह प्रादेशिक नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर की हमारी नेता हैं। सभी लिए सम्मानित व पूज्नीय हैं। उनके मार्गदर्शन में ही हम चलते हैं।
