नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव आगे बढ़कर लोकसभा के साथ हो सकते हैं

भोपाल. नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव आगे बढ़कर क्या लोकसभा के साथ हो सकते हैं। और क्या विधायक इसके लिए तैयार हैं। मध्यप्रदेश के भाजपा के विधायक इसके लिए तैयार हैं, लेकिन कांग्रेस के नहीं। विधायकों के बीच सर्वे कर उनकी राय जानी तो यह बात भी सामने आई कि पार्टी लाइन से हटकर भाजपा के एक विधायक विरोध में हैं। कांग्रेस के एक विधायक ने वन नेशन वन इलेक्शन का समर्थन किया है। वैसे मप्र विधानसभा और लोकसभा के चुनाव पहले एक साथ होते रहे हैं।

भाजपा व कांग्रेस ‘एक देश – एक चुनाव’ की चर्चा के बाद वेट एंड वॉच की स्थिति में
केंद्र सरकार ने ‘एक देश – एक चुनाव’ को लेकर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर दी है। संभावना है कि 18 से 22 सितंबर तक बुलाए गए संसद के विशेष सत्र में इसे लेकर बिल भी पेश किया जा सकता है। विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी दोनों पार्टिंयां भाजपा व कांग्रेस ‘एक देश – एक चुनाव’ की चर्चा के बाद वेट एंड वॉच की स्थिति में है।

भाजपा-कांग्रेस के 24 विधायकों और उनके प्रदेश अध्यक्षों की राय पूछी। प्रदेश में कुल 230 विधायक हैं। हमने 10 प्रतिशत विधायकों से सवाल पूछे। प्रदेश सरकार के मौजूदा मंत्री के साथ कांग्रेस सरकार में रहे पूर्व मंत्री ने इस पर बेबाकी से जवाब दिए। भाजपा के अधिकतर विधायकों की राय है कि एक साथ चुनाव देश हित में ठीक रहेगा। इससे पैसे बचेंगे, जो जनहित में खर्च हो सकेंगे। कांग्रेस विधायकों की राय जुदा-जुदा सामने आई। कुछ को इसके लागू होने पर ही संदेह है, तो कुछ मानते हैं कि सरकार को पहले अपनी मंशा स्पष्ट करनी चाहिए। जन भावना और देश हित में हर फैसले का स्वागत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *