महाराज बाड़ा का लौटेगा पुराना वैभव,निगम मुख्यालय की पुरानी इमारत के दो तल पर खुलेंगे कैफे
ग्वालियर. महाराज बाड़ा स्थित नगर निगम मुख्यालय की पुरानी इमारत को संवारने पर 4.54 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। यहां पर पहली और दूसरी मंजिल पर कैफे खोला जाएगा। कैफे में सैलानियाें के बैठने की व्यवस्था भी रहेगी। ग्वालियर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन इसका निर्माण का काम जल्द ही शुरू कराएगा। ग्वालियर स्मार्ट सिटी ने उक्त कार्य का भूमिपूजन भी करा लिया है। अब पुराने और जर्जर भवन की सुधारने का काम कंपनी को जल्द शुरू करना है।
इमारत के जीर्णशीर्ण हिस्से को रेनोवशन किया जाएगा
यह इमारत ऐतिहासिक पोस्ट ऑफिस की इमारत का ही एक हिस्सा है। स्मार्ट सिटी ओल्ड नगर निगम की इमारत को संरक्षित व उन्नयन करने का काम करेगी। परियोजना के अनुसार इमारत के जीर्णशीर्ण हिस्से को रेनोवशन किया जाएगा। छत की मरम्मत और वाटरप्रूफिंग कार्य, चिनाई मरम्मत कार्य, स्ट्रक्चरल रेट्रोफिटिंग, बिल्डिंग का फसाड व सतह की मरम्मत कार्य, लकड़ी और धातु के काम, अंदरूनी हिस्सों का इंटीरियर कार्य, जल निकासी कार्य, अग्निशमन व विद्युत कार्य, भूतल पर कार्यालय के लिए व्यवस्थिति कार्य स्थान बनाया जाएगा। महाराज बाड़ा स्थित नगर निगम की यह इमारत काफी पुरानी है। बाड़े पर कोई रेस्त्रां नहीं है। इस कारण लोगों को परेशानी होती है। इसके खुलने से राहत होगी।
निगम से हैंडओवर होते ही इसे संवारने का काम शुरू करेंगे
महाराज बाड़ा पर निगम मुख्यालय की पुरानी इमारत के हैंडओवर होते ही इसे संवारने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इस इमारत के संरक्षण करने के साथ अन्य कई काम किए जाएंगे। इस पर 4.54 करोड़ रुपए का खर्चा होगा। यह कार्य अगले माह से शुरू हो जाएगा। -नीतू माथुर, सीईओ स्मार्ट सिटी
