कटोरा ताल में कॉफी पीने आए युवक की चाकू मारकर हत्या
ग्वालियर. आधी रात को एक युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई है। युवक को बचाने आए भाई व दोस्त पर भी हमलावरों ने चाकू से हमला किया है। घटना देर रात कटोरा ताल की है। आधी रात को कत्ल हुआ है और पुलिस वजह को लेकर अभी भी अंधेरे में है। घायलों को लेकर लोग हॉस्पिटल पहुंचे हैं जहां दो को भर्ती करने के बाद एक को मृत घोषित कर दिया गया है। पता लगा है कि वाहन आमने-सामने आने पर मामूली बहस के बाद यह हत्या हुई है। पर बीते सात दिन में रात के अंधेरे में यह दूसरी हत्या है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। दो हत्या आरोपी नामजद है, जबकि 6 अज्ञात हैं।
दो चाकू सीने पर लगने से आभाष वहीं गिर पड़ा
शहर के ढोली बुआ का पुल निवासी शिवांस उर्फ आभाष शर्मा शनिवार रात को कटोरा ताल चौपाटी पर कॉफी पीने आया था। उसका भाई आयुष शर्मा व आयुष का दोस्त वात्सल गर्ग भी साथ थे। रात करीब 1 बजे आभाष पार्किंग की तरफ गया तो यहां अचानक कुछ युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। युवकों ने उसके सीने पर चाकू से हमला किया था। दो चाकू सीने पर लगने से वह वहीं गिर पड़ा। जब आयुष ने अपने भाई पर हमला होते देखा तो वह बचाने के लिए दौड़ा। इस पर हमलावरों ने आयुष और उसके दोस्त वात्सल पर भी चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद चाकू हवा में लहराते हुए फरार हो गए। हमलावरों के भागने के बाद घायलों को स्थानीय लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां आभाष को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके भाई व दोस्त को भर्ती कर लिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही रात गश्त पर निकले पुलिस अधिकारी और कंपू, इंदरगंज थाना फोर्स मौके पर पहुंच गया।
हमलावरों की हुई पहचान, दो नामजद, 6 अज्ञात
युवक की हत्या करने वाले हमलावरों की पहचान हो गई है। हत्या और हत्या के प्रयास के इस मामले में कंपू निवासी सौरभ खटीक, पुष्पेन्द्र नवरिया दो नामजद व 6 अज्ञात हमलावरों पर हत्या का मामला दर्ज हो गया है। पुलिस इन हमलावरों की तलाश कर रही है। फिलहाल एक भी हमलावर सामने नहीं आया है।
