CM शिवराज का बड़ा ऐलान, अतिथि शिक्षकों के वेतन में दोगुना इजाफा
भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार ने अतिथि शिक्षकों की भर्ती के लिए बड़ा ऐलान किया है। भोपाल में अतिथि शिक्षक महापंचायत में सीएम शिवराज ने ऐलान किया कि अतिथि शिक्षकों को भर्ती में 25 फीसदी की जगह 50 फीसदी आरक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि ये शिक्षकों की अगली भर्ती से लागू होगा। बता दें कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अतिथि शिक्षक महापंचायत का शुभारंभ किया। इस महापंचायत में करीब 10 हजार से अधिक शिक्षक शामिल हुए। जानकारी के मुताबिक इस आयोजन में हर जिले से 50 अतिथि शिक्षकों को बुलाया गया था।
दोगुना होगा मानदेय
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अतिथि शिक्षकों को भर्ती में 50% आरक्षण मिलने के साथ ही हर साल 4 और अधिकतम 20 अंक बतौर बोनस मिलेंगे। तय पीरियड के हिसाब से नहीं अब माह के हिसाब से मानदेय दिया जाएगा। उनका मानदेय दोगुना होगा। बता दें कि फिलहाल वर्ग-1 के अतिथि शिक्षकों को 9 हजार रुपये दिये जाते हैं, लेकिन सीएम की घोषणा के बाद अब 18 हजार रुपये मिलेंगे। इसी तरह वर्ग-02 के शिक्षिको को 7 की जगह 14 हजार मिलेंगे, और वर्ग-3 को 5 की जगह 10 हजार रुपये मिलेंगे।
कांट्रेट अब महीनों का नहीं बल्कि सालभर के लिए होगा
सीएम शिवराज ने घोषणा करते हुए कहा कि अतिथि शिक्षकों से किये जाने वाला कांट्रेट अब महीनों का नहीं बल्कि सालभर के लिए होगा। पिछली सरकार ने कोई ठोस कदम न उठाए, शिक्षा व्यवस्था अधकचरी हो गई थी। इतना पढ़ने-लिखने के बाद अतिथि शिक्षकों की जिंदगी भंवर में फंस गई थी।
