CBI ने ED के असिस्टेंट डायरेक्टर को अरेस्ट किया

नई दिल्ली. CBI ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के असिस्टेंट डायरेक्टर समेत 6 अन्य अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी लोगों पर दिल्ली शराब नीति मामले में एक आरोपी से मदद के नाम पर 5 करोड़ की रिश्वत लेने का आरोप है। जांच एजेंसी की FIR के मुताबिक, आरोपियों में ED के असिस्टेंट डायरेक्टर पवन खत्री, नितेश कोहर (अपर डिवीजन क्लर्क), दीपक सांगवान (एअर इंडिया कर्मचारी), अमनदीप सिंह ढल, बिरेंदर पाल सिंह, प्रवीण कुमार वत्स (चार्टर्ड अकाउंटेंट) और विक्रमादित्य (क्लेरिजेज होटल्स एंड रिजॉर्ट्स के CEO) शामिल हैं।

कुछ लोग ED के सीनियर अफसरों के नाम पर पैसे वसूल रहे थे
दिल्ली शराब नीति केस में CBI की जांच में पता चला कि ED के सीनियर अफसरों के नाम पर कुछ लोग पैसा वसूल रहे थे। बिरेंदर पाल सिंह, अमन ढल का पिता है, जिसे केस में ED और CBI दोनों ने गिरफ्तार किया था। मामले में मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत कई लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि अमन ढल और बिरेंदर पाल सिंह ने प्रवीण वत्स को ED से मदद की एवज में 5 करोड़ दिए थे। प्रवीण वत्स ने बताया कि दीपक सांगवान (एअर इंडिया का असिस्टेंट जनरल मैनेजर) ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह शराब नीति केस में अमन ढल के लिए मदद दिलवा देगा, जिससे अमन की गिरफ्तारी नहीं होगी। ऐसा कहकर दीपक ने कुछ पैसे लिए थे। दीपक ने प्रवीण को पवन खत्री (2022 में ED के असिस्टेंट डायरेक्टर) से मिलवाया था।

प्रवीण के घर से 2.19 करोड़ कैश बरामद
दीपक के भरोसे पर प्रवीण ने अमन से 3 करोड़ लिए थे। ये रकम दिसंबर 2022 से जनवरी 2023 के बीच 50-50 लाख की 6 किस्तों में दी गई थी। अमन ने ये पैसे अपने एक आदमी से प्रवीण के घर भिजवाए थे। CBI की जांच के दौरान प्रवीण के घर से 2.19 करोड़ कैश बरामद किया गया। इसके अलावा, दीपक सांगवान के घर से 6 जनवरी की 99 पेज की सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन कंप्लेन मिली थी। इससे दीपक के सीनियर ED अफसरों के नाम पर पैसे लेने का पता चला था। बाकी के दस्तावेज ED के असिस्टेंट डायरेक्टर पवन खत्री के घर पर मिले थे।

ED ने 52 करोड़ की प्रॉपर्टीज जब्त की थी
दिल्ली शराब नीति केस में ED ने 7 जुलाई को 52.24 करोड़ की प्रॉपर्टीज जब्त की थीं। सूत्रों के मुताबिक, इसमें दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और उनकी पत्नी सीमा सिसौदिया की 2 प्रॉपर्टीज सील की गई थी। उनके 11 लाख रुपए के बैंक बैलेंस को भी होल्ड पर रखा गया था। इसके अलावा, अमनदीप सिंह ढल्ल, राजेश जोशी, गौतम मल्होत्रा ​​सहित सिसोदिया के अन्य करीबियों की भी प्रॉपर्टी जब्त की गई थी। ED ने यह कार्रवाई बिजनेसमैन दिनेश अरोड़ा को गिरफ्तार करने के एक दिन बाद की थी। दिनेश को सिसोदिया का करीबी माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *