7वां वेतनमान-MP में डॉक्टरों को जनवरी 2016 से दिया जायेगा 7वां वेतनमान, संविदा कर्मचारियों को मिलेगा 7वां वेतनमान

भोपाल. मध्यप्रदेश के सरकारी डॉक्टरों को 1 जनवरी 2016 से 7वें वेतनमान का फायदा दिया जायेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को भोपाल में इसका ऐलान किया। सीएम ने डायनामिक एश्योर्ड करियर प्रोग्रेसन (डीएसीपी ) योजना का लाभ दिलाने की मांग के जल्द निराकरण का आश्वासन भी दिया। इसी मांग को लेकर 4 माह पहले प्रदेश के मेडीकल टीचर्स हड़ताल पर गये थे।
मुख्यमंत्री हमीदिया अस्पताल में इमरजेंसी मेडीसन डिपार्टमेंट की नयी बिल्डिंग का लोकार्पण करने पहुंचे थे। बिल्डिंग 727 करोड़ रूपये की लागत से तैयार की गयी है। इसमें 2 हजार बिस्तरों सहित सभी तरह की आधुनिक सुविधायें मिलेंगी। उन्होंने गांधी मेडीकल कॉलेज में नये ओपीडी ब्लॉक का भूमिपूजन भी किया। सीएम के सामने नये अस्पताल का थ्री डी प्रजेंटेशन भी दिया गया।
सभी विभागों के डॉक्टर्स को मिलेगा 7वां वेतनमान
सीएम शिवजराज ने कहा है कि सभी विभागों के डॉक्टर्स को 7वें वेतनमान के मूल वेतन में त्रुटि की शिकायत मिली है उसे दुरूस्त किया जायेगा। संविदा कर्मचारियों को भी सरकारी कर्मचारियों की तरह लाभ दिया जायेगा।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में हमीदिया अस्पताल आने वाले मरीजों का पहले उपचार होगा। औपचारिकतायें बाद में की जायेगी। इमरजेंसी मेडीसिन विभाग शुरू होने के साथ ही इस बात पर भी अध्ययन किया जायेगा कि मरीज को कितनी देर में इलाज की सुविधा मिल रही है।
एक ही बिल्डिंग में 24 से ज्यादा डिपार्टमेंट की OPD
चिकित्सा शिक्षा संचालनालय के अफसरों के मुताबिक, हमीदिया अस्पताल में आने वाले मरीजों की जांच के लिए 11 मंजिल का नया ओपीडी ब्लॉक बनाया जाएगा। इस बिल्डिंग में अस्पताल के 24 से ज्यादा डिपार्टमेंट की ओपीडी होगी। श्वास रोगियों के लिए रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ रेस्पिरेटरी डिसीज (RIRD) और हड्डी संबंधी बीमारियों के मरीजों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ऑर्थोपेडिक्स (COEO) बनाया जाएगा। 161 करोड़ रुपए की लागत से 3 स्पेश्लियटी यूनिट भी बनाई जाएंगी।
