हरियाणा CM बोले- नूंह में कल यात्रा की परमिशन नहीं, VHP ने कहा- हमें जरूरत नहीं, यात्रा 11 बजे शुरू होगी
नूंह. हरियाणा के CM मनोहर लाल ने कहा कि 28 अगस्त को नूंह में दोबारा ब्रजमंडल यात्रा निकालने की परमिशन नहीं दी गई है। नूंह में एक महीना पहले ही हिंसक घटना हुई है, उसको लेकर सावधानी रखने की जरूरत है। मंदिरों में पूजा-अर्चना करना सबका अधिकार है। उन्हें श्रद्धा के अनुसार छूट मिलनी चाहिए। खट्टर ने ये भी कहा कि हमने लोगों से अपील भी की है कि वे नूंह की तरफ यात्रा करने से बचें और अपने नजदीकी मंदिरों में ही जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करें।
स्कूल-कॉलेज और मोबाइल इंटरनेट सेवाएं 28 अगस्त तक बंद
सुरक्षा रखना सरकार का दायित्व है। लॉ एंड ऑर्डर बना रहे, यह सरकार की कोशिश है। इससे पहले नूंह प्रशासन भी यात्रा की परमिशन से इनकार कर चुका है। तनाव को देखते हुए यात्रा से एक दिन पहले, रविवार को ही नूंह में धारा 144 लगा दी गई। स्कूल-कॉलेज और मोबाइल इंटरनेट सेवाएं 28 अगस्त तक बंद हैं। पुलिस ड्रोन से निगरानी कर रही है। उधर यात्रा से एक दिन पहले रविवार को नूंह शहर के सारे बाजार बंद रहे। सड़कों पर भी लोग कम नजर आए। मुस्लिम समुदाय की ओर से जिले के गांवों में अपील की गई कि सोमवार, यात्रा वाले दिन समुदाय से जुड़े लोग अपने घरों में ही रहें।
CM के बयान पर VHP का पलटवार
नूंह में 31 जुलाई को अधूरी रह गई ब्रजमंडल यात्रा पूरी करने संबंधी सवाल पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा- 28 अगस्त को सुबह 11 बजे यात्रा की शुरुआत करेंगे। यात्रा की परमिशन लेने का सवाल ही नहीं उठता। 28 को सावन का आखिरी सोमवार है और हर श्रद्धालु का अधिकार है कि वह अपने इष्ट का जलाभिषेक करे। उन्होंने कहा कि यह एक धर्मपरायण देश है, यहां किसी भी यात्रा के लिए परमिशन नहीं ली जाती। बंसल ने सवाल किया कि क्या कभी कुंभ के लिए परमिशन ली जाती है।
