मुकदमेबाजी बंद होने से समाज को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है –न्यायाधिपति रोहित आर्या

ग्वालियर – उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के प्रशासनिक न्यायाधिपति रोहित आर्या ने कहा मुकदमेबाजी बंद होने से समाज को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है, इससे परिवार, समाज, गाँव व देश में खुशहाली आती है। इसी भाव के साथ “समाधान आपके द्वार” योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा इस योजना का मूल उद्देश्य केवल प्रकरणों का निराकरण भर नहीं अपितु आपसी सुलह के माध्यम से विवाद की मूल जड़ का उन्मूलन करना है, जिससे समाज की आखिरी पंक्ति में बैठा व्यक्ति भी हम पर भरोसा करे और स्वस्थ, विकसित व शांतिपूर्ण समाज का निर्माण हो। प्रशासनिक न्यायाधिपति श्री आर्या “समाधान आपके द्वार” योजना के तहत आयोजित हुए प्रशिक्षण सह सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि कुरीतियों के पनपने में मुकदमेबाजी का भी योगदान होता है। इसलिए आपसी विवाद हल होने से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।
प्रशासनिक न्यायाधिपति रोहित आर्या ने कहा कि जब तक गाँव आर्थिक व सामाजिक रूप से सुदृढ़ नहीं होंगे, तब तक देश विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता। गाँवों की खुशहाली के लिये हमें गाँवों को विवाद रहित बनाना होगा। इसी भाव के साथ समाधान आपके द्वार योजना शुरू की गई है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस योजना के तहत बड़े पैमाने पर आपसी विवाद हल हो रहे हैं। न्याय पालिका एवं कार्यपालिका के बेहतर समन्वय की वजह से इसमें सफलता मिली है। श्री आर्या ने कहा कि इस योजना के पीछे यह भी सोच है कि मुकदमे निपटने के साथ आदमी की मानसिकता में बदलाव आए और आपसी झगड़े होने की नौबत ही न आए।
हमारा छोटा सा योगदान बड़ा बदलाव ला सकता है – एडीजी श्री वर्मा 
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा ने “समाधान आपके द्वार” योजना की सफलता पर खुशी जाहिर की और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया, जिससे और अधिक प्रकरण निराकृत हो सकें। उन्होंने एक चिड़िया पर केन्द्रित कहानी सुनाते हुए कहा कि हमारा छोटा सा भी योगदान समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है।
प्रधान जिला न्यायाधीशगणों एवं कलेक्टरों ने सुनाए अनुभव 
इस अवसर पर ग्वालियर के प्रधान जिला न्यायाधीश श्री पी सी गुप्ता सहित अन्य जिलों के प्रधान जिला न्यायाधीशों और ग्वालियर जिले के कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह व एसपी श्री राजेश चंदेल सहित 9 जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों ने “समाधान आपके द्वार” योजना के तहत प्रकरण निराकृत करने के लिये अपनाई गई रणनीति सुनाकर अपने अनुभव साझा किए। उच्च न्यायालय के ओएसडी श्री हितेन्द्र द्विवेदी ने भी योजना पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन श्री एस बी ओझा ने और अंत में उच्च न्यायालय के विधिक सहायता अधिकारी श्री सनातन सेन ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए
प्रशासनिक न्यायाधिपति रोहित आर्या ने “समाधान आपके द्वार” योजना में उल्लेखनीय कार्य करने के लिये संभाग आयुक्त श्री दीपक सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, आईजी चंबल सुशांत सक्सेना, ग्वालियर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह व एसपी राजेश चंदेल सहित सभी 9 जिलों के कलेक्टर व एसपी समेत सभी पाँच विभागों के अधिकारियों, लोक अभियोजन व विधिक सहायता अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
“समाधान आपके द्वार” के तहत अब तक लगभग  दो लाख प्रकरण निराकृत 
“समाधान आपके द्वार” योजना के तहत अब तक लगभग दो लाख प्रकरण निराकृत हो चुके हैं। योजना के तहत कुल चार चरण आयोजित हुए हैं। पहले चरण में 5 हजार 30, दूसरे में 10 हजार 624, तीसरे चरण में 34 हजार 814 और चौथे चरण में एक लाख 46 हजार 151 प्रकरणों का निराकरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *