नूंह में हिंसा के बाद फिर गरजा बुलडोजर, खाली कराए जा रहे कब्जे, तोड़ी गईं दुकानें
नूंह. हरियाणा के नूंह में हिंसा से माहौल में तनाव है। इस बीच, जिला प्रशासन ने एक बार फिर अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया है। शनिवार को यहां SHKM गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के पास अवैध दुकानें तोड़ी गई हैं। इसके साथ ही अवैध कब्जे भी खाली कराए गए हैं। शनिवार सुबह नूहं प्रशासन की टीम नलहार मंदिर के रास्ते में स्थित अस्पताल के ठीक सामने पहुंची और वहां अवैध कब्जों को हटाने का काम शुरू कर दिया। शहर में लगातार बुलडोजर की कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वाले लोगों में हड़कंप है। जानकारी के मुताबिक, ये कार्रवाई डिस्ट्रिक्ट टाउन प्लानर (NUH) की तरफ से की जा रही है। करीब 40 दुकानें अवैध हैं, इन्हें तोड़ा जा रहा है। ये वो जगह है, जहां पर 31 जुलाई को हिंसा भड़कने के बाद गाड़ियां जलाई गई थीं और पत्थरबाजी हुई थी। नूंह में शनिवार को नई गांव, सिंगार, बिसरू, डुडोली पिंगवा, फिरजोपुर में भी बुलडोजर चलेगा। प्रशासन से जुड़े लोगों का कहना है कि यहां अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। SDM अश्विनी कुमार ने कहा कि यह जानकारी भी सामने आई है कि इनमें से कुछ लोगों की हाल में हुई झड़पों में भी संलिप्तता थी।

31 जुलाई को भड़की थी हिंसा
गौरतलब है कि नूंह में 31 जुलाई को जलाभिषेक यात्रा के दौरान हिंसा भड़की थी और इसके बाद इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, बीते 4 दिनों में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और शांति कायम है। शुक्रवार को जुमे की नमाज मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रशासन की अपील पर घरों में ही पढ़ी। सुरक्षा के मद्देनजर जिले में ईदगाह- मस्जिदों के बाहर अर्धसैनिक बल के जवान और पुलिस अधिकारी तैनात नजर आए।

हिंसा मामले में 202 लोग गिरफ्तार
नूंह जिला प्रशासन के मुताबिक, हिंसा मामले में अभी तक कुल 202 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 102 एफआईआर दर्ज की गई है। नूंह में इंटरनेट सेवा में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक छूट दी गई, लेकिन बाजारों में सन्नाटा छाया हुआ था।

