जम्मू कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों से मुठभेड़ में 3 जवान शहीद, सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू कश्मीर. कुलगाम में आतंकियों से मुठभेड़ में 3 जवान शहीद हो गए। आतंकियों के खिलाफ सेना का सर्च ऑपरेशन जारी है। कुलगाम जिले के हलान वन क्षेत्र के ऊंचे इलाकों में आतंकियों के होने की सूचना पर सेना ने सर्च अभियान चलाया था, जिसमें कुलगाम पुलिस भी शामिल थी। अभियान के दौरान शुक्रवार (4 अगस्त) शाम को आतंकियों से जवानों की मुठभेड़ हुई थी, जिसमें 3 जवान घायल हुए थे। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार कुलगाम के हलाण वन क्षेत्र के ऊंचे इलाकों में मुठभेड़ जारी है। सेना और कुलगाम पुलिस ऑपरेशन को अंजाम दे रही है। भारतीय जवानों को यहां कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान ही आतंकियों ने खुद को घिरता देख गोलीबारी शुरू कर दी। जिसके बाद भारतीय जवान भी जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं।

नातिपोरा से तीन आतंकी गिरफ्तार
कुलगाम में शुरू हुए एनकाउंटर की सूचना सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस के वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। जिसके बाद सीनियर ऑफिसर भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं। इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को श्रीनगर के नातिपोरा इलाके में लश्कर-ए-तैयबा की शाखा, प्रतिबंधित आतंकी संगठन टीआरएफ से जुड़े तीन आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

गिरफ्तार आतंकियों से भारी मात्रा में हथियार बरामद
पुलिस ने कहा कि उनसे 3 हथगोले, 10 पिस्तौल राउंड, 25 एके-47 राउंड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने कहा कि वकील अहमद भट्ट पहले प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन आईएसजेके से जुड़ा एक सक्रिय आतंकवादी था और दो साल तक जेल में बंद था। वह हाल ही में केंद्रीय जेल से जमानत पर रिहा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *