ग्वालियर पीएचई में घोटाला, 71 फर्जी खातों में किया वेतन-एरियर के 16 करोड़ 42 लाख का भुगतान
ग्वालियर. पीएचई में अफसर और कर्मचारियाें की साठगांठ से 16.42 करोड़ रुपए का घोटाला सामने आया है। यह हेराफेरी 71 फर्जी खातों के जरिये की गई। स्टेट सर्विलांस टीम की निगाह में मामला सामने आने के बाद वित्त विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। संयुक्त संचालक वित्त की देखरेख में जांच चालू हो चुकी है। दूसरी तरफ अधीक्षण यंत्री ग्वालियर मंडल ने भी जांच के लिए 5 सदस्यों की टीम बना दी है। यह टीम भी जांच कर रही है। सर्विलांस टीम प्रदेश के करीब 14 जिलों में गड़बड़ी पकड़ चुकी है। पीएचई ने भी जिले के सभी कार्यपालन यंत्रियाें काे उनके यहां हुए भुगतान की जांच कर प्रमाण-पत्र देने काे कहा है। पीएचई में इससे पहले जीपीएफ घोटाला भी सामने आ चुका है। यह मामला पांच साल का बताया जा रहा है। इसी कारण कोषालय की टीम वर्ष 2018-19 से 2023-24 वित्त वर्ष के सारे भुगतान की जांच कर रही है।
स्टाफ सैलरी और बिल के जरिए भी निकाली राशि
वेतन और एरियर के नाम पर 16.42 करोड़ की गड़बड़ी पीएचई के कार्यपालन यंत्री मेंटेनेंस खंड क्रमांक-1 दफ्तर में सामने आई है। इसके लिए दफ्तर में पदस्थ स्टाफ ने कार्यालय में कर्मचारियों के खातों के नंबर को कई बार बदलकर अपात्रों के खाते मैप किए और भुगतान निकाल लिया। स्टाफ सैलरी मद से भी राशि निकाली गई। कुछ भुगतान बाजार से सामान खरीदी वाले बिल के माध्यम से भी हुआ है। इस मामले में आयुक्त कोष एवं लेखा के निर्देश पर संयुक्त संचालक कोष अशोक श्रीवास की टीम ने जांच शुरू कर दी है। इस टीम में 4 अधिकारी शामिल हैं। तीन दिन की जांच में गड़बड़ी मिल चुकी है, लेकिन कुछ खाते चालू भी मिले हैं। विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह में तैयार होने का अनुमान है।
