ग्वालियर में आवारा सांड ने महिला को बुरी तरह कुचला, 50 सेकंड तक जारी रहा हमला
ग्वालियर के पीएम आवास मानपुर फेस-1 में बच्चों के साथ पैदल जा रही एक महिला पर आवारा सांड ने हमला कर दिया। सांड करीब 50 सेकंड तक महिला को कुचलता रहा। इस दौरान आसपास मौजूद लोग उसे भगाने की कोशिश करते रहे। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने सांड को भगाया और महिला को बचाया। हमले में महिला घायल हो गई। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई जिसका वीडियो अब सामने आया है।

नगर निगम आवारा मवेशियों को रोकने में नाकाम
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने बच्चों के साथ पैदल जा रही थी। इसी दौरान सांड ने उसे टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और सांड को वहां से भगाया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम आवारा मवेशियों को रोकने में नाकाम है। शहर की सड़कों और कॉलोनियों में बड़ी संख्या में मवेशी घूमते रहते हैं। कई बार वे आपस में लड़ते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा होता है। लोगों का कहना है कि नगर निगम का अमला इस दिशा में कार्रवाई करता नजर नहीं आता। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दीपावली के दौरान पटाखों की तेज आवाज से सांड और दूसरे मवेशी घबराकर दौड़ने लगते हैं। इससे राह चलते लोगों पर हमले का खतरा बढ़ जाता है। उनका कहना है कि ऐसे समय में भी नगर निगम का अमला मवेशियों को पकड़ने के लिए सक्रिय नहीं दिखता।

आवारा मवेशियों को पकड़ने अभियान चलाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की सड़कों पर सैकड़ों की संख्या में आवारा मवेशी घूम रहे हैं। यदि समय रहते इन्हें सड़कों और कॉलोनियों से नहीं हटाया गया तो इस तरह की घटनाएं दोबारा हो सकती हैं। लोगों ने नगर निगम से तत्काल अभियान चलाकर आवारा सांडों और मवेशियों को पकड़ने तथा रिहायशी इलाकों को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
