हरियाणा में भगवा यात्रा पर पथराव, गाड़ियां फूंकी, बाहर से पुलिसफोर्स बुलाई
नूंह. हरियाणा के नूंह में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और मातृशक्ति दुर्गावाहिनी की तरफ से निकाली जा रही बृजमंडल यात्रा के दौरान बवाल हो गया। इस दौरान कई गाड़ियों को आग लगा दी गई। पुलिस पर भी पथराव किया गया। इसमें कुछ लोगों के घायल होने और एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत की खबर है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस के अलावा नूंह जिला प्रशासन के आला अधिकारी स्थिति को कंट्रोल करने में लगे हुए हैं। यात्रा नूंह के नल्हड़ शिव मंदिर से फिरोजपुर-झिरका की तरफ रवाना हुई थी। जैसे ही यह तिरंगा पार्क के पास पहुंची, वहां एक समूह के लोग पहले से जमा थे। दोनों पक्ष के आमने-सामने आते ही उनमें तकरार हो गई और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। इस वजह से पूरे इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया।
नूंह में तिरंगा पार्क के पास बृजमंडल यात्रा पर पथराव करते लोग।
3 अन्य जिलों से भी पुलिस फोर्स बुलाई
नूंह में तनावपूर्ण हालात को देखते हुए साथ लगे पलवल, फरीदाबाद और रेवाड़ी जिलों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाई गई है। सोमवार दोपहर दो गुटों के बीच हुए पथराव में कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। नूंह में होडल बाइपास और आसपास के इलाके में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। यहां उपद्रवियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया।
इसी बोलेरो गाड़ी में नासिर-जुनैद को जिंदा जलाया गया था।
नूंह में सारे मार्केट बंद, आसमान में छाया काला धुआं
विवाद बढ़ने के बाद पूरे नूंह शहर का मार्केट बंद हो गया। सबसे पहले तिरंगा पार्क के आसपास के इलाके की दुकानें बंद हुईं। उसके बाद देखते ही देखते नूंह सिटी के मेन मार्केट के अलावा नया बाजार, गली बाजार और होडल बाइपास समेत शहर के दूसरे मार्केट भी दुकानदारों ने बंद कर दिए। शहर के आसमान में काला धुआं नजर आ रहा है।

