जीवाजी विश्वविद्यालय में सुविधाओं के सिर्फ दावे, लेकिन यहां सिर्फ बदहाली
ग्वालियर. जीवाजी विश्वविद्यालय ने हास्टल की फीस में दस प्रतिशत की बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। जेयू हास्टल में 16 सुविधाएं देने का दावा करता है, लेकिन यहां सिर्फ बदहाली है। छात्रों को न तो ढंग का खाना मिलता है न पीने का पानी। बरसात के दिनों में खुले हुए तारों से जगह-जगह करंट आता है। हास्टल में सांप-बिच्छू निकलते हैं। इसकी पड़ताल हास्टलों में जा कर की। वहां हालात दिखे बद से बदतर मिले।
ये कैसी बढ़ोतरी
मैस में श्वान, खाने में कीडे छात्र आर्यभट्ट हास्टल के मैस में भोजन करते हैं । मैस में श्वान के बीच बैठकर छात्र खाना खाते हुए मिले। वहीं दूसरी ओर मैस में सड़ रहे आलू प्याज और खाने में कीड़े तक मिले। हास्टल के छात्रों का कहना था उन्हें आए दिन इसी तरह का भोजन मिलता है। मैन्यू के हिसाब से भोजन नहीं मिलता है। खुले बर्तन में खिचडी से छात्रों ने पेट भरा है।
दो दिन पहले निकला था सांप
आर्यभट्ट हास्टल के छात्रों का कहना है कि उनके हास्टल के चारों ओर बडे बडे पेड-पौधे और झाडियां लगी हुई हैं। जिनकी वजह से आए दिन सांप बिच्छू हास्टल में घुस आते हैं। हाल ही में दो दिन पहले हास्टल की मैस में एक सांप निकला था । यहां के हेड क्लर्क रामभोग शर्मा ने भी छात्रों से पौधे कटवाने से मना कर दिया।
खाली टंगे हैं अग्निशामक यंत्र
बायज के लिए ईस्ट कैंपस में आर्यभट्ट हास्टल में आग बुझाने के लिए अग्निशामक यंत्र लगे हैं। अब यहां यंत्र तो लगे हैं लेकिन इनसे आग बुझेगी कैसे , क्योंकि इनमें आग बुझाने के लिए गैस है ही नहीं , सिलेंडर में एक्सपायरी 2024 की है लेकिन गैस खत्म हो चुकी है। यह सिर्फ 0 प्रेशर के साथ दीवारों पर शोभा बढ़ाने को लटके हैं।
वाशरूम में टूटा वाशबेसिन
जेयू के कैंपस में बने मृगनयनी बालिका छात्रावास मे भी छात्राओं को काफी समस्याएं आ रही है। ऐसे में छात्राओं ने संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत भी की लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। साथ ही पिछले कई दिनों से बाथरूम के पास बना वाशबेसिन उखडकर जमीन पर गिर गया था , तबसे ऐसा ही पड़ा हुआ है।
