ग्वालियर अंचल में बारिश नहीं होने का असर, रोजाना 15 लाख यूनिट ज्यादा बिजली की खपत
ग्वालियर. मौसम में बारिश की बिगड़ी चाल ने शहर में बिजली की खपत बढ़ा रखी है। हर साल इस सीजन में शहर की बिजली खपत जहां अधिकतम 50 लाख यूनिट रोजाना तक होती थी। वह खपत इन दिनों 65 लाख यूनिट प्रतिदिन हो रही है। यानी कि 15 लाख यूनिट बिजली रोज ज्यादा खपत रही। अधिकारियों के अनुसार यदि मौसम का यही हाल रहा तो इस वर्ष सप्लाई लोड पिछला रिकॉर्ड तोड़ सकता है। क्योंकि, गर्मी व उमस से लोगों ने एयर कंडीशन, कूलर का उपयोग बढ़ा दिया है। जिस वजह से बिजली की खपत ज्यादा हो रही है। दोपहर के वक्त ज्यादा खपत बाजार वाले क्षेत्रों में हो रही है। शहर के जिन जोन क्षेत्र में बाजार हैं, वहां की खपत बहुत अधिक बढ़ी है।
खपत के साथ बढ़ी कटौती ने किया बेहाल
इस लोड से बिजली कटौती भी बढ़ी हुई है और शहर के अनेक हिस्सों में रोजाना 2-3 घंटे तक की अघोषित कटौती हो रही है। उमस भरी गर्मी में यह कटौती लोगों को बेहाल कर रही। उपनगर ग्वालियर के बहोड़ापुर, सुभाषपुरी, हथियापौर, खिड़की वाला मोहल्ला, चंद्रनगर, इंद्रा कॉलोनी, घोसीपुरा, सेवा नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, शील नगर, मल्लगढ़ा नई सड़क, हनुमान चौराहा, जीवाजीगंज, लक्ष्मीगंज, शिंदे की छावनी मुरार में सीपी कॉलोनी, हनुमान नगर, रणधीर कॉलोनी, आजाद नगर, मीरा नगर, आर्य नगर, बारादरी रोड व सिटी सेंटर क्षेत्र के ओहदपुर, अलकापुरी, शारदा बिहार, गोविंदपुरी, अनुपम नगर में रोज घंटे बिजली गुल हो रही है।
