चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्यों की सूची जारी होगी, जिला प्रभारियों की लिस्ट भी फाइनल

भोपाल. मध्यप्रदेश में बीजेपी ने विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी है। रविवार को बीजेपी के प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के कार्यालय का उद्घाटन होगा। इसी दिन चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्यों की सूची जारी होगी। पार्टी ने चुनाव को लेकर जिला प्रभारियों की लिस्ट भी फाइनल कर दी है। ये सूची भी रविवार को जारी होगी। शनिवार रात करीब 10 बजे बीजेपी के प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव और सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव बीजेपी ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अन्य नेताओं के साथ बैठक की।

तोमर बोले- कांग्रेस झूठ का पुलिंदा
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस का कोई भी नेता आए। सभी जानते हैं कि कांग्रेस झूठ का पुलिंदा है। कांग्रेस के पास सिर्फ झूठ बोलने की गारंटी है। पहले भी जो उन्होंने कहा, वह किया नहीं। आगे भी नहीं करेंगे। मध्यप्रदेश की जनता समझदार है। बीजेपी की सरकार जो कहती है, उसका क्रियान्वयन करती है। बीजेपी सरकार बनाने में सफल होगी। संगठन में समन्वय की कमी को लेकर नरेन्द्र सिंह तोमर बोले- संगठन की नब्ज बराबर चल रही है। किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सभी कार्यकर्ता मुस्तैदी से बीजेपी के काम के लिए तैयार हैं। जिसके पास जो काम है, वह कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम से और जनता के आशीर्वाद से बीजेपी की सरकार बनेगी। बैठकें होती रहती हैं, आगे भी होती रहेंगी। इससे पहले शनिवार दोपहर बीजेपी प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने चुनाव सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ बैठक की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *