रात में बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर की तोड़फोड़, लूटने आए पेट्रोलपंप
भिंड. लहार रोड पर तोमर पेट्रोल पंप पर बीती रात अज्ञात बदमाश लूट की नीयत से लग्जरी कार में सवार होकर आए। इन बदमाशों के हाथों में अवैध हथियार थे। पहले बदमाशों ने लूटना चाहा जब वो कामयाब नहीं हुए तो उन्होंने तोड़फोड़ की। ऐसा शिकायत आवेदन देहात थाना पुलिस को दिया है। इसके साथ पेट्रोल पंप का सीसीटीवी कैमरे की वीडियो क्लिप भी दी है।
क्या है पूरा मामला
भिंड के श्रीकृष्ण गली पुरानी बस्ती में रहने वाले राघवेंद्र सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह कुशवाह ने देहात थाना पुलिस में शिकायत आवेदन दिया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वो लहार रोड स्थित तोमर पेट्रोल पंप पर मैं मैनेजर के पद पर पदस्थ हूं। 21-22 जुलाई की रात को करीब 12 से 1 बजे होंगे तभी एक मारूति शिफ्ट कार में सवार होकर चार युवक आए। पेट्रोल पंप पर सेल्समेन संजू सिंह कुशवाह काम कर रहा था। इन युवकों ने पेट्रोल पंप से पेट्रोल दिए जाने की बात कही। सेल्स मेन ने पेट्रोल पंप बंद होने की बात कही। इस समय चारों युवकों द्वारा गाली गालौज की जाने लगी। जब सेल्समेन ने विरोध किया तो चारों युवक हावी होकर लूटपाट का प्रयास करने लगे।
ऑफिस में सेल्समेन ने स्वयं को बंद कर बचाई रकम
इसी समय सेल्समेन ने पेट्रोल पंप की रकम सुरक्षित करते हुए ऑफिस में स्वयं को बंद कर लिया। इसी समय चारों बदमाश ने लूट पाट के लिए पहले ऑफिस का गेट तोड़ना चाहा फिर उन्होंने पेट्रोल पंप मशीन और केबिन के कांच में तोड़फोड़ की। इस दौरान ये युवकों द्वारा कट्टा लेकर धमकाया गया। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। रात्रि के समय गश्त पर तैनात पुलिस को भी सेल्समेन कुशवाह ने सूचना दी। इसके बाद दिन में पूरे मामले की लिखित शिकायत देहात थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पूरे मामले में पड़ताल शुरू कर दी।
