MP में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा ग्वालियर

ग्वालियर. मानसून की ट्रफ लाइन के शहर से दूर होने के कारण शहर में वर्षा के दौर पर ब्रेक लग गया है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी आना बंद होने के कारण आसमान से बादल गायब हो चुके हैं। खुले आसमान में सूरज के तेवर गर्मी और उमस को बढ़ा रहे हैं। यही कारण है कि शनिवार को सीधी के बाद ग्वालियर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक वर्षा की कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ रहने से तेज धूप निकलेगी और उमस परेशान करेगी। 25 जुलाई से ट्रफ लाइन फिर सामान्य स्थिति में आने से हल्की वर्षा की संभावना है।लगातार दो दिन से शहर के मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार को भी दिन में तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। जुलाई के महीने में मई-जून जैसी गर्मी का अहसास हुआ।

आगे यह है अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन दक्षिण की ओर खिसक गई है। यह बंगाल की खाड़ी से बैतूल होते हुए गुजर रही है। मानसून ट्रफ लाइन काफी दूर होने और आसपास चक्रवातीय घेरे सक्रिय न होने के कारण घने बादल नहीं छा रहे हैं। हालांकि दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश के पास चक्रवातीय घेरा बना हुआ है। इस वजह से उस हिस्से में वर्षा हो रही है। आगामी 24 जुलाई को उड़ीसा-आंध्र प्रदेश तट पर कम दबाव का क्षेत्र बनेगा, जो मौसम को प्रभावित करेगा। इसके आगे बढ़ने पर नमी आना शुरू हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *