चार्ट व वीडियो क्लिप के माध्यम से बच्चों को सिखाएँ प्रैक्टिकल करने के तरीके – प्रमुख सचिव

ग्वालियर प्रयोगशाला में बच्चे आसानी से प्रैक्टिकल करना सीख सकें, इसके लिये प्रैक्टिकलवार फ्लोचार्ट बनाएँ। साथ ही वीडियो क्लिप के माध्यम से भी उन्हें प्रैक्टिकल करना सिखाएँ। यह बात राज्य शासन के खनिज विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह ने भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र व जीव विज्ञान के शिक्षकों से कही। शुक्रवार को हजीरा स्थित सरदार पटेल सीएम राईज स्कूल का निरीक्षण करने पहुँचे थे। स्कूल चलें हम अभियान को गति देने के उद्देश्य से प्रमुख सचिव ग्वालियर प्रवास पर आए थे। कलेक्टर अक्षय सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल इस अवसर पर उनके साथ थे।
सीएम राईज स्कूल हजीरा के निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने विद्यालय की प्रयोगशालाओं का जायजा लिया। साथ ही प्रैक्टिकल कर रहे बच्चों से भी चर्चा की। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बच्चों से पूछा। प्रमुख सचिव ने शिक्षकों से कहा कि सरकार ने शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से सीएम राईज स्कूल स्थापित किए हैं। अब हमारा दायित्व है कि बच्चों को इस प्रकार शिक्षित करें, जिससे वे पढ़-लिखकर न केवल अपना भविष्य उज्ज्वल बनाएँ बल्कि समाज, प्रदेश व देश का नाम भी रोशन करें।
इस अवसर पर संयुक्त संचालक लोक शिक्षण डॉ. दीपक पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी डीपीसी रविन्द्र सिंह तोमर व सीएम राईज स्कूल के प्राचार्य जितेन्द्र सिंह भदौरिया एवं अन्य शिक्षकगण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *