महाकाल की सवारी के दौरान थूकने वाले के घर पर चलाया बुलडोजर
उज्जैन. महाकाल की सवारी के दौरान छत से थूकने वाले आरोपी का घर प्रशासन ने बुलडोजर से गिरा दिया। सुबह 10 बजे नगर निगम और पुलिस की टीम ढोल और DJ लेकर घर गिराने पहुंची। कार्रवाई होने तक शहर के टंकी चौक इलाके की दुकानों को खुलने नहीं दिया गया। टीम ने सबसे पहले आरोपी अदनान मंसूरी के घर को खाली करवाया, फिर बुलडोजर चलाया। एडिशनल SP आकाश भूरिया ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मुनादी का नियम है, इसलिए DJ लेकर आए थे। आरोपी के मकान के अवैध हिस्से को तोड़ा गया है।
3 लड़कों ने थूका था और कुल्ला करके पानी फेंका था
मामला सोमवार शाम 6.30 बजे का है। सावन का दूसरा सोमवार था। भगवान महाकाल की सवारी के दौरान टंकी चौक मार्ग स्थित बिल्डिंग से तीन लड़कों ने थूका और कुल्ला कर पानी फेंका था। घटना का VIDEO वायरल होने पर पुलिस ने एक बालिग समेत तीन लड़कों को गिरफ्तार किया था। बालिग आरोपी को मंगलवार को सेंट्रल जेल भैरवगढ़ भेजा जा चुका है। दो नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
VIDEO फुटेज के आधार पर चालान पेश करेगी पुलिस
खाराकुआं थाना प्रभारी राजवीर सिंह गुर्जर ने बताया, मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी अदनान निवासी टंकी चौक को सेंट्रल जेल भैरवगढ़ भेज दिया। दो नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। VIDEO फुटेज और दूसरे सबूतों के आधार पर जांच कर कोर्ट में चालान पेश करेंगे।
