नरेंद्र सिंह तोमर के बंगले में भरा गंदे नाले का पानी

ग्वालियर. हर बार बरसात के पहले सरकार और स्थानीय प्रशासन दावा करता है कि सभी व्यवस्थाएं चुस्त दुरूस्त हैं, लोगों को कोई तकलीफ नहीं होगी लेकिन मानसून आते ही सारी पोल खुल जाती है। गांव से लेकर राजधानी तक के ड्रेनेज सिस्टम फेल हो जाते हैं, घर-दुकान बरसात के पानी में डूब जाते हैं। कुछ ऐसा ही हाल ग्वालियर में हुआ जहां ड्रेनेज सिस्टम फेल हो जाने से पीएम मोदी सरकार के एक वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री के बंगले में पानी भर गया। केंद्रीय मंत्री के बंगले में गंदा पानी भर गया जिसकी सूचना मिलते ही कई अधिकारियों की सांसें अटक गईं।

नगर निगम का पूरा अमला तोमर के बंगले पर जा पहुंचा
केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बंगले में एक बार फिर पानी भर गया है। उनके बंगले में बारिश का गंदा पानी भराया जिसकी खबर सुनकर नगर निगम के अधिकारी घबरा गए। पास ही बहती नाली का गंदा पानी भी उसमें मिल गया। सभापति समेत नगर निगम का पूरा अमला तोमर के बंगले पर जा पहुंचा और वहां भरे पानी को निकालने के लिए कवायद में जुट गया। केंद्रीय मंत्री का बंगला पहली बार पानी में नहीं डूबा है। इससे पहले भी नरेंद्र सिंह तोमर के इस बंगले में पानी भर चुका है। केंद्रीय मंत्री का यह बंगला रेसकोर्स रोड पर है। पिछले माह भी जरा सी बरसात में मंत्री तोमर के बंगले में गंदा पानी घुस गया था। बंगले में बारिश का गंदा पानी भर गया जिसे देखकर अधिकारी घबरा उठे थे और तुरंत फायर ब्रिगेड बुलाई थी। बाद में सुपर सकर मशीन से बंगले में घुसा गंदा पानी निकलवाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *