सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में CBI को मिले नए सबूत

मुंबई. बॉलीवुड के दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन को तीन साल हो चुके हैं। अभी तक इस मामले की जांच चल रही है। सुशांत ने 14 जून 2020 को अपने मुंबई स्थित फ्लैट पर आत्महत्या कर ली थी। सुशांत के निधन के बाद से ही उनके फैंस न्याय की मांग कर रहे हैं। इतना ही नहीं सुशांत की मौत से पहले उनकी मैनेजर दिशा सालियान ने भी बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। अब 3 सालों के बाद सुशांत के मामले में नया अपडेट सामने आया है। इस बात का खुलासा महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने किया है।

देवेंद्र फडणवीस ने किए खुलासे
दरअसल हाल ही में हुए एक इंटरव्यू के दौरान महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सुशांत के मामले पर बात की। उन्होंने कहा सुशांत सिंह राजपूत और दिशा सालियान की मौत मामले में सबूत जुटाए जा रहे हैं। जब सारे सबूत इकट्ठा हो जाएंगे तो हम इस मामले को फिर से आगे बढ़ाएंगे। इसके आगे उन्होंने कहा जब लोगों ने कहा कि इस मामले में हमारे पास ये सारे सबूत हैं तब हमने कहा कि सबूत जमा कीजिए आपके सबूत की जांच की जाएगी। अगर सबूत सही होगा तो ही हम आगे बढ़ेंगे। जिन लोगों ने जो भी दावा किया है उन लोगों को हमने बुलाया है।

जारी है मामले की जांच
फिलहाल पूछताछ जारी है। कुछ सबूत रिकॉर्ड किए गए हैं और कुछ पर अभी काम चल रहा है। ऐसे में अभी नतीजों पर किसी भी तरह की टिप्पणी करना सही नहीं होगा। मौत के तीन साल बाद भी सुशांत के परिवार और फैंस का कहना है कि एक्टर को इंसाफ नहीं मिल पाया है। सीबीआई ने भी मामले में अपनी क्लोजर रिपोर्ट नहीं सौंपी है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस केस पर और भी नए खुलासे होंगे और सुशांत को न्याय मिल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *