इसरो 13 जुलाई को लॉन्च कर सकता है चंद्रयान-3
नई दिल्ली. भारत का चंद्रयान-3 13 जुलाई को दोपहर 2.30 बजे लॉन्च किया जा सकता है। इसरो चीफ एस सोमनाथ ने कहा कि इसे 12 जुलाई से 19 जुलाई के बीच लॉन्च होना है। यान पूरी तरह तैयार है। सारे टेस्ट पूरे हो जाने के बाद लॉन्चिंग की सही तारीख की घोषणा की जाएगी। अगर चंद्रयान-3 का लैंडर चांद पर उतरने में सफल होता है तो भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा। इससे पहले अमेरिका, रूस और चीन चंद्रमा पर अपने स्पेसक्राफ्ट उतार चुके हैं। चंद्रयान-2 मिशन को 22 जुलाई 2019 को लॉन्च किया गया था। करीब 2 महीने बाद 7 सितंबर 2019 को चंद्रमा के साउथ पोल पर उतरने की कोशिश कर रहा विक्रम लैंडर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसके बाद से ही भारत चंद्रयान-3 मिशन की तैयारी कर रहा है।
रूसी मिशन स्थगित, इसरो के पास पहले लैंडिंग का मौका
इधर, रूस ने अपना मून लैंडर मिशन स्थगित कर दिया है। ऐसा ग्राउंड इन्फ्रास्ट्रक्चर के एडिशनल चेक्स पूरे न होने की वजह से किया गया है। इससे पहले 2022 में भी रूसी मिशन तकनीकी दिक्कतों की वजह से टाला गया था। ऐसे में भारत के चंद्रयान-3 के पास रूस से पहले चंद्रमा पर उतरने का मौका है।
