पिच खराब करने के लिये मैदान में घुसे प्रदर्शनकारी, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट के दौरान लॉर्ड्स में हंगामा
लंदन. इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस वक्त एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। यह मुकाबला लंदन के लॉर्ड्स स्टेडियम में जारी है। मैच के पहले ही दिन 28 जून को मैदान पर जमकर हंगामा हुआ।
2 प्रदर्शनकारी सीधे मैदान में घुस आये और उनके पास ऑरेंज पाउडर था। जिससे वह पिच को खराब करने के लिये तेजी से आगे बढ़ रहे थे। मगर इसी दौरान इंग्लैंड के स्टार प्लेयर जॉनी बेयरस्टो ने एक प्रदर्शनकारी को पकड़ लिया और उठाकर मैदान से बाहर ले गये। फिर सुरक्षागार्ड ने प्रदर्शनकारी को मैदान से बाहर कर दिया।
जॉनी बेयरस्टो के कपड़े हुए खराब
हालांकि इस दौरान दूसरा प्रदर्शनकारी पिच को खराब करने के लिये तेजी से बढ़ा, मगर खिलाडि़यों और गार्ड ने उसे रोक लिया। इसी दौरान प्रदर्शनकारी ने ऑरेंज पाउडर को पिच पर डालने की कोशिश की। लेकिन वह मैदान पर गिर गया। जिसे तुरंत साफ किया गया। इस पूरे वाकये के दौरान जॉनी बेयरस्टो के कपड़े भी खराब हो गये थे। बेयरस्टो तुरंत मैदान के बाहर गये और ड्रेसिंग रूम से तुरंत टीशर्ट चेंज करके लौटे।
