कूनो में भिड़े 4 चीते, एक घायल

श्योपुर. कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल में जोड़े में रहने वाले अग्नि-वायु और गौरव-शौर्य के बीच टेरेटरी फाइट हो गई। चीतों के बीच हुई इस फाइट में अग्नि चीता घायल हुआ है। डॉक्टरों की निगरानी में रखकर उसे उपचार दिया जा रहा है।

अग्नि और वायु ज्यादा तेज तर्रार
बताया जा रहा है कि जंगल में अग्नि और वायु एक साथ रहते हैं। उधर, गौरव और शौर्य भी सगे भाई हैं, जो हमेशा एक साथ दिखते हैं। नामीबियाई चीते गौरव और शौर्य मस्त रहने वाले चीते हैं, लेकिन दक्षिण अफ्रीका से लाए गए अग्नि और वायु ज्यादा तेज तर्रार हैं। वह अपने इलाके में किसी का भी दखल या मूवमेंट बर्दाश्त नहीं करते। मंगलवार को चीतों का आमना-सामना हो गया। हर बार की तरह अग्नि और वायु ने गौरव और शौर्य पर अटैक कर दिया। गौरव और शौर्य ने जवाब दिया तो अग्नि चीता घायल हो गया। वायु को हल्की चोट आई है। बता दें, यह वही अग्नि और वायु है, जिन्होंने पूर्व में हमला कर एक चीते को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

अग्नि और वायु क्वारेंटाइन बाड़े में भी साथ
सीसीएफ उत्तम शर्मा ने बताया कि वायु को मामूली चोट आई है। उसे ज्यादा दिक्कत नहीं है। फिर भी उसे अग्नि के साथ क्वारेंटाइन बाड़े में रखा गया है। अग्नि और वायु चीते हमेशा साथ रहते हैं। शिकार को भी मिल बांट कर खाते हैं। जब भी किसी और जानवर से टकराव होता है तो दोनों मिलकर उस पर अटैक करते हैं। इसलिए इन दोनों चीतों को बाड़े में साथ रखा गया है।

गौरव और शौर्य पर भी रख रहे निगरानी
घायल अग्नि चीता डॉक्टरों की निगरानी में है। वह कब तक स्वस्थ होगा, यह डॉक्टर अभी नहीं बता पा रहे हैं। गौरव और शौर्य चीते पूरी तरह से स्वस्थ हैं, जो अभी भी खुले जंगल में हैं। उन पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *