MP में योग शिक्षा अनिवार्य होगी, आज पूरा विश्व योगमय है: मुख्यमंत्री
उपराष्ट्रपति श्री धनखड़, राज्यपाल श्री पटेल और मुख्यमंत्री श्री चौहान जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए
जबलपुर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि हमारा योग आज वैश्विक पर्व बन गया है. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज विश्व के हर कोने में यह जीवंत हो रहा है. यह हर भारतीय के लिए गौरव का क्षण है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखा। विश्व के 193 देशों ने इसका समर्थन किया। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 11 दिसंबर 2014 को यह घोषणा की गई कि हर वर्ष 21जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाएगा और इसी के साथ योग के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का भागीरथी प्रयास सफल हुआ।
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि आज हम 9 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं. प्रधानमंत्री श्री मोदी आज अमेरिका में यहां के समय के अनुसार सायं 5:30 बजे संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रांगण में सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिसमें दुनिया के 180 देश शामिल होंगे. यह भारत की गरिमा एवं महिमा को अंतरराष्ट्रीय स्वीकृति है. यह सारी दुनिया के लिए भारत के प्रति सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।
15 हजार लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया
उपराष्ट्रपति श्री धनखड़ ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मां नर्मदा और रानी दुर्गावती की भूमि पर आकर और यहां योग कर मैं अभिभूत हूं। मेरे जीवन के ये सबसे यादगार पल है। योग स्वस्थ्य जीवन की पूंजी है और स्वास्थ हमारी पूंजी.योग जीरो प्रीमियम पर फुल हेल्थ इंश्योरेंस है। हमें अपनी क्षमता को पूर्ण रूप से मानवता की सेवा के लिए लगाने के लिए स्वस्थ रहना आवश्यक है और स्वस्थ रहने के लिए योग आवश्यक है। पहला सुख निरोगी काया है. योग शरीर मन और आत्मा की एकता का प्रतीक है. योग किसी एक जाति के लिए नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए है. आज अच्छे स्वास्थ्य के साथ यह एक महत्वपूर्ण हुनर भी बन गया है, जिसके माध्यम से दुनिया भर में अच्छा केरियर बनाया जा सकता है. आज सारी दुनिया को अच्छे योग प्रशिक्षकों की आवश्यकता है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि योग से शारीरिक मानसिक और वैचारिक स्वास्थ्य मिलता है. योग शरीर, मन, आत्मा को जोड़ने का विधान है. यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को विकसित कर बीमारियों की रोकथाम करता है. इसने हमें वैश्विक आपदा कोविड से उबरने में मदद की है. यही वजह है कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने इसे स्वीकार करके इसकी उपयोगिता सिद्ध की है. आज योग की पहचान पूरे विश्व में है. उन्होंने युवाओं से कहा कि उनके कैरिअर और जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए योग सशक्त माध्यम साबित होगा. योग को अपने जीवन में अंगीकार करें, सात्विक एवं संतुलित आहार ग्रहण करें. योग के नियमित अभ्यास से विचारों में दुनिया के प्रति सकारात्मक बदलाव आयेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान कहा आज संस्कारधानी जबलपुर, प्रदेश, देश ही नहीं बल्कि संपूर्ण विश्व योगमय हो गया है और इसका श्रेय जाता है प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को, जो आज स्वयं संयुक्त राष्ट्र संघ में दुनिया लिए योग का नेतृत्व कर रहे हैं। योग की इस विधा को जन -जन तक पहुँचने का कार्य प्रधानमंत्री द्वारा किया जा रहा है. भारत की यह प्राचीन विधा विश्व कल्याण के लिए है. हज़ारों वर्ष पूर्व से अपनाई जा रही हमारी वसुधैव कुटुंबकम् की अवधारणा संदेश देती है कि सारी दुनिया हमारा परिवार है. मनुष्य को हमने जियो और जीने दो का संदेश दिया है, हमारे ऋषि मुनियों ने सर्वे भवन्तु सुखिनः के माध्यम से बताया है कि पहला सुख निरोगी काया है और इसके लिए योग से बड़ा साधन कोई नहीं है। उन्होंने महर्षि पतंजलि को प्रणाम करते हुए उनके अष्टांग योग का उल्लेख किया। कार्यक्रम का देश भर में तथा विश्व के कई देशों में सीधा प्रसारण किया गया । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र, योग से जुड़ी संस्थाओं के योगाभ्यासी तथा सेना एवं होमगार्ड के जवानों ने सहभागिता की । कार्यक्रम में श्रवण एवं अस्थि बाधित दिव्यांग छात्र-छात्राओं, ट्रांसजेंडर्स तथा कैंसर एवं थैलीसीमिया की बीमारी से मुक्त हुये रोगियों ने भी समूह में योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिव्यांग योगाभ्यासी संजय चक्रवर्ती और मनोज कश्यप से भी मुलाकात की।
