ग्वालियर के मान सिंह महल परिसर में होगा सामूहिक योग
ग्वालियर, प्रदेश में 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को प्रदेश के 51 जिलों के पुरातत्व स्थलों पर नागरिकों के साथ सामूहिक योग के सत्र होंगे। इससे जन-सामान्य को योग के महत्व के साथ पुरातत्व स्थलों के इतिहास और महत्व के बारे में जानकारी हो सकेगी।
प्रदेश के जिन 51 जिलों के पुरातत्व महत्व के स्थलों का चयन सामूहिक योग के लिये किया गया है, उनमें मुरैना के मंदिर समूह बटेश्वर, ग्वालियर के मान सिंह महल परिसर, शिवपुरी के गाँधी भवन, गुना के बजरंगगढ़ किला, अशोकनगर के बादल महल चंदेरी और दतिया के महाराजा परीक्षित की छत्री हैं। सागर जिले में प्राचीन किला खुरई, दमोह जिले के हटा रंगमहल पैलेस, पन्ना में छत्रसाल पार्क स्थित मकबरा, छतरपुर जिले के प्रसिद्ध पुरातत्व स्थल खजुराहो का कंदरिया मंदिर प्रांगण, निवाड़ी जिले के ओरछा में जहाँगीर महल में सामूहिक योग सत्र होंगे। श्योपुर के महाराजा नरसिंह महल में योग प्रशिक्षकों की देख-रेख में सामूहिक योग के सत्र होंगे।
