कमल नाथ ने अधिकारियों को दी चेतावनी, कल के बाद परसों भी आता है
उज्जैन. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ सोमवार को महिदपुर पहुंचे। कमल नाथ ने कहा कि भाजपा के पास पुलिस, पैसा और प्रशासन सिर्फ चार महीने के लिए बचा है। मैं जानता हूं कि यहां कौन अधिकारी कब से पदस्थ है। कल के बाद परसों भी आता है। वर्दी की इज्जत करिए नहीं तो देखेंगे आपकी वर्दी कितने दिन चलती है। कमल नाथ की चक्की चलती है तो बहुत बारिक पीसती है।
18 साल में प्रदेश को चौपट कर दिया
आमसभा को संबोधित करते हुए कमल नाथ ने कहा कि 18 साल में शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश को चौपट प्रदेश बनाकर रख दिया है। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। भविष्य आपके हाथ में है। मतदाता शिवराज सिंह के नाटक और घोटालों को देखते हुए फैसला करेंगे।
महाकाल महालोक घोटाले से प्रदेश कलंकित
कमल नाथ सोमवार सुबह 10:30 बजे महिदपुर पहुंचे। यहां मंडलम सदस्यों व पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद मीडिया से चर्चा की। इसके बाद आमसभा कर चुनावी आगाज किया। कमल नाथ ने महाकाल की जय के साथ संबोधन शुरू किया। कहा कि महाकाल महालोक में हुए घोटाले से पूरे देश में मध्य प्रदेश कलंकित हुआ।
