‘बिपरजॉय’ का असर, भोपाल में तेज बारिश, ग्वालियर-चंबल में भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल. गुजरात और राजस्थान में तबाही मचाने वाले ‘बिपरजॉय’ तूफान का असर रविवार से मध्यप्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। भोपाल में सुबह से तेज धूप के बाद शाम को बारिश शुरू हो गई। इसके अलावा ग्वालियर, उज्जैन समेत 25 जिलों में आंधी-बारिश का अनुमान है। राजस्थान से सटे हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है। इसमें ग्वालियर-चंबल संभाग शामिल हैं। प्रदेश में 21 जून तक मौसम बिगड़ा रहेगा।

ग्वालियर-चंबल संभाग में भारी बारिश हो सकती है
भोपाल में सुबह से तेज धूप पड़ रही थी। हालांकि इस बीच बादल भी छाए रहे। शाम करीब 4:15 बजे बूंदाबांदी हुई। थोड़ी देर बाद तेज बारिश होने लगी। सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि प्रदेश में रविवार से बारिश की एक्टिविटी बढ़ेगी। तूफान का असर पश्चिमी मध्यप्रदेश में दिखाई देने लगेगा, जो 21 जून तक रहेगा। 18 और 19 जून को कम, जबकि 20 और 21 जून को असर ज्यादा रहेगा। ग्वालियर-चंबल संभाग में भारी बारिश हो सकती है। टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, रीवा-सतना में भी 20-21 को बारिश होगी।

इन जिलों में तूफान का असर
मौसम विभाग के अनुसार ‘बिपरजॉय’ तूफान का असर प्रदेश के चार संभाग भोपाल, ग्वालियर, चंबल और उज्जैन में देखने को मिलेगा। ऐसे में भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, गुना, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुरकलां, उज्जैन, शाजापुर, देवास, आगर, रतलाम, मंदसौर और नीमच में बारिश होगी। वहीं, 50 किमी या इससे ज्यादा रफ्तार से आंधी चल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *