मुख्यमंत्री 24 जून को विकास कार्यों की सौगातें लेकर ग्वालियर आयेंगे
महिला सम्मेलन सह आवासीय भू-अधिकार पत्र वितरण समारोह में होंगे शामिल
हजार बिस्तर अस्पताल का करेंगे निरीक्षण व लोकार्पण, महाराज बाड़े पर स्मार्ट सिटी के कार्यों का जायजा लेने भी जायेंगे
मध्य भारत हिंदी साहितय भवन का भूमिपूजन करेंगे और अचलेश्वर मंदिर पर रथ यात्रा में होंगे शामिल
ग्वालियर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 24 जून को विकास कार्यों की सौगातें लेकर ग्वालियर आयेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री मेला मैदान पर आयोजित होने जा रहे भव्य समारोह में आवासीय भू-अधिकार सहित अन्य योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण और विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। साथ ही इस अवसर पर आयोजित महिला सम्मेलन में लाड़ली बहनाओं से संवाद भी करेंगे। ग्वालियर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री मध्य भारत हिंदी साहित्य भवन के भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद अचलेश्वर मंदिर पहुँचकर भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल होंगे। इसी कड़ी में एक हजार बिस्तर अस्पताल का निरीक्षण और लोकार्पण करने जायेंगे। इसके बाद महाराज बाड़ा पहुँचकर स्मार्ट सिटी के विकास कार्यों का जायजा भी लेंगे।
संभाग आयुक्त दीपक सिंह ने बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर ऐसी व्यवस्था रहे, जिससे हितग्राही सुगमता के साथ निर्धारित सेक्टर में पहुँच सकें। वाहनों की पार्किंग नजदीक हो, जिससे हितग्राहियों को कम से कम दूरी तय करनी पड़े। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल की पुख्ता व्यवस्था करने पर भी उन्होंने विशेष बल दिया।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि 24 जून को मुख्यमंत्री की मौजूदगी में प्रस्तावित सभी कार्यक्रम स्थल पर निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था के लिये बेरीकेटिंग करने के लिये संबंधित अधिकारियों से कहा। उन्होंने कहा बेरीकेटिंग इस प्रकार से की जाए जिससे आम जन को असुविधा न हो। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहे।
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मेला मैदान में आयोजित होने वाले समारोह में शहर के चारों ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था की जाए। पहले से ही स्पष्ट हो कि किस क्षेत्र के वाहन के लिये कौन सी पार्किंग निर्धारित है। कलेक्टर ने कहा कि समारोह में लगभग 7 हजार 700 हितग्राहियों को आवासीय भू-अधिकार पत्र का वितरण किया जाना है। सभी संबंधित हितग्राहियों को इसकी सूचना पहले से ही दे दी जाए। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 24 जून को प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिये अधिकारीवार जिम्मेदारियाँ सौंपी हैं।
