CGST के डिप्टी कमिश्नर समेत 4 इंस्पेक्टर घूस लेते गिरफ्तार

जबलपुर. सेंट्रल जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर कपिल कांबले समेत चार इंस्पेक्टर्स को सीबीआई ने सात लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। सीबीआई के मुताबिक, डिप्टी कमिश्नर ने राजस्थान के पान मसाला कारोबारी से छापे की कार्रवाई को दबाने के लिए एक करोड़ रुपए की घूस मांगी थी। व्यापारी 25 लाख रुपए दे चुका था। इसके बाद परेशान किए जाने पर व्यापारी ने सीबीआई से शिकायत की थी। ऑफिस से 21 लाख रुपए कैश भी मिला है। सीबीआई की टीम की कार्रवाई तड़के तीन बजे तक जारी रही। इसके बाद टीम अधिकारी और तीनों इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर साथ ले गई।

सीबीआई की टीम देर रात तक सीजीएसटी के ऑफिस में कार्रवाई करती रही। पर्पल कलर की शर्ट पहने दिख रहे डिप्टी कमिश्नर कपिल कांबले भी मौजूद रहे।

दौसा के रहने वाले पान मसाला कारोबारी त्रिलाेकचंद सेन ने बताया कि उसने दमोह के नोहटा में दो साल पहले केजीएच पान मसाला फैक्ट्री डाली थी। कारोबार सही नहीं चलने पर फैक्ट्री घाटे में चली गई। 19 मई 2023 को सेंट्रल जीएसटी की टीम ने यहां छापा मारा। उसने 10 लाख रुपए का टैक्स बकाया बताते हुए रिकवरी निकाली। व्यापारी का दावा है कि उसने पहले ही पूरे टैक्स भर दिए थे। इसके बावजूद रिकवरी निकाली गई। सेंट्रल जीएसटी की टीम ने कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री काे सील कर दिया था। फैक्ट्री घाटे में चलने की जानकारी जीएसटी अधिकारियों को भी थी, फिर भी कार्रवाई की गई।

फैक्ट्री खोलने देने के लिए मांगे एक करोड़ रुपए
त्रिलोकचंद ने बताया कि सीजीएसटी के अधिकारी फैक्ट्री दोबारा खोलने देने की एवज में एक करोड़ रुपए मांग रहे थे। उसने कई बार रुपए देने से इनकार किया। बाद में सौदा 35 लाख रुपए में पक्का हुआ। पूरे पैसे तीन किस्तों में देने की बात तय की गई। त्रिलोकचंद ने पहली किस्त के 25 लाख दे दिए थे। इसके बाद बाकी पैसे देने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *